फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ससुर-बहू का अफेयर: अंतरंग पकड़े गए थे रियाजुद्दीन और सना, चैट भी पढ़ता था पति; मुबीन ने पिता-पत्नी को मार डाला

Tue, 26 May 2026 09:57 AM IST
Sharukh Khan मुदित गौड़, अमर उजाला, बुलंदशहर

सार

बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन इलाके के कलंदरगढ़ी गांव में ससुर-बहू की हत्या में चौंकाने वाला राज खुला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में रियाजुद्दीन और सना के बीच नजदीकियां होने की बात सामने आ गई थी। अक्तूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक हालत में देखा गया था।
विज्ञापन
1 of 15
Bulandshahr murder Case - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
बुलंदशहर के खुर्जा कोतवाली इलाके के कलंदरगढ़ी गांव में रविवार को हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस जांच में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। घटना के एक दिन बाद ही जांच पड़ताल में हैरान करने वाले राज खुले हैं। सामने आया है कि पति मुबीन और पत्नी सना के रिश्ते में शादी के कुछ दिन बाद ही दरार आ गई थी।

बताया गया है कि निकाह के करीब सात महीने तक तो सबकुछ सही चला, लेकिन इसके बाद रिश्ते में तल्खी आना शुरू हो गई। इसी दौरान ससुर और बहू के बीच नजदीकी बढ़ती चली गई। इसके चलते ही घर में क्लेश शुरू हो गया था। मुबीन के प्रॉपर्टी डीलर पिता रियाजुद्दीन (50) और पत्नी सना (21) के बीच पनपी नजदीकियों की पुष्टि उनके बीच वाट्सएप पर हुए वॉयस मैसेज व चैट से हो रही है।


 
विज्ञापन

2 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
कलंदरगढ़ी गांव में दवा विक्रेता मुबीन ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद मुबीन ने खुद ही पुलिस को घटना की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त पिता रियाजुद्दीन की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली थी।

 
विज्ञापन

3 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने आरोपी मुबीन व परिवार के लोगों से पूछताछ की। जानकारी मिली कि उसके पिता रियाजुद्दीन व पत्नी सना के बीच काफी समय से नजदीकी थी। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि 14 फरवरी 2025 को मुबीन और सना का निकाह हुआ था। 

4 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
निकाह के सात महीने के बाद सितंबर 2025 में रियाजुद्दीन व सना के बीच नजदीकियां होने की बात सामने आ गई थी। रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर को इस मामले में शक हुआ तो उसने मुबीन को बताया था। उसी समय से घर में विवाद होने लगा था।
विज्ञापन

5 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
अक्तूबर में ससुर-बहू को आपत्तिजनक हालत में देखा गया था। इसके बाद मुबीन ने पत्नी सना को मायके भेज दिया था। ससुराल पक्ष को घटनाक्रम की जानकारी देकर तलाक देने की चेतावनी दी थी। पुलिस का कहना है कि इसमें ससुराल पक्ष ने माफी मांगी थी। उस समय सना ने भी हां मिलाई थी। दोबारा ससुराल आने के बाद भी सना और रियाजुद्दीन में दूरियां कम नहीं हुईं।
विज्ञापन

6 of 15
बेसुध अवस्था में बैठी मृतक रियाजुद्दीन की पत्नी - फोटो : अमर उजाला
किस्वर के डर व चुप्पी ने बढ़ाया मामला
मुबीन की मां और रियाजुद्दीन की पत्नी किस्वर की चुप्पी ने मामले को और बिगाड़ दिया। शुरुआत में जब मामला सामने आया था तो किस्वर ने घर छोड़ने का फैसला कर लिया था। बात तलाक तक पहुंच गई थी। किस्वर ने रियाजुद्दीन से कहा था कि यदि तुमको सना के साथ रहना है तो बाहर जाना होगा। 

 
विज्ञापन

7 of 15
मौके पर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
इस बात पर रियाजुद्दीन ने मकान अपने नाम बताकर सभी को घर से बाहर निकालने की चेतावनी दी। अपनी 16 वर्षीय बेटी व दो बेटों के साथ बाहर निकलने का डर किस्वर को सताने लगा था। उसके बाद उसने विरोध नहीं किया और चुपचाप सब सहती रही।

8 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
सना के महंगे शौक ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
मुबीन की मां किस्वर ने बताया कि सना को महंगे कपड़े व गहनों का शौक था। मुबीन इन सब बातों का विरोध करता था। इसके चलते निकाह के बाद से ही सना और मुबीन के बीच दूरी शुरू हो गई थी। इसके बाद ससुर और बहू के बीच रिश्ता गहराता गया।

 

9 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
व्हाट्सएप चैट पढ़ता था मुबीन
सीओ खुर्जा ने बताया कि मुबीन ने व्हाट्सएप वेब के माध्यम से सना के मोबाइल का व्हाट्सएप अपने लैपटॉप में चालू कर लिया था। इसमें सना और पिता रियाजुद्दीन के बीच हुई चैट को वह पढ़ता रहता था। 

 

10 of 15
मौके पर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
दोनों के बीच वॉयस मैसेज भी भेजे जाते थे। वहीं, मुबीन का छोटा भाई रिहान नोएडा में पढ़ाई के साथ नौकरी कर रहा है। रिहान इतनी बड़ी घटना के बाद भी पिता के मातम में नहीं पहुंचा।

11 of 15
ससुर और बहू के फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
14 दिन के अब्बास के सिर से उठा मां का हाथ
सना के छोटे भाई सोहेल ने बताया कि 14 फरवरी 2025 को उनकी बहन व मोमिन का निकाह हुआ था। दस मई को ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पताल में सना ने एक बेटे को जन्म दिया था। जिसका नाम परिवार के लोगों ने अब्बास रखा। 14 दिन के अब्बास ने अभी ठीक से आंख खोलकर देखना भी शुरू नहीं किया था कि उसके सिर से मां का हाथ उठ गया और पिता भी अब जेल जाएगा।

12 of 15
बुलंदशहर में ससुर-बहू की हत्या - फोटो : अमर उजाला
घटना ने खानदान को गम व बदनामी दी मकबूल
मकबूल ने बताया कि उनका बेटा रियाजुद्दीन मेहनती था। कुछ दिन पहले ही पोते अब्बास का जन्म हुआ था तो सब खुश थे। बकरीद की तैयारी चल रही थी। कहा कि उनके परिवार को किसी की नजर लग गई। इस घटना ने दो लोगों की मौत और खानदान को बदनामी दे दी।

13 of 15
Bulandshahr Double Murder - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
यह था पूरा मामला
बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन थाना इलाके में एक तरफ बकरीद की तैयारियां चल रहीं थीं और दूसरी तरफ परिवार के ही एक युवक ने घर में खूनी खेल को अंजाम दे डाला। त्योहार से पहले कलंदरगढ़ी गांव में युवक ने पिता और पत्नी को मार डाला। उसने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से रविवार को दोपहर में पहले पिता के सीने में और फिर पत्नी के सिर में गोली मार दी। 

घटना के बाद आरोपी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है। सीओ खुर्जा शोभित कुमार ने बताया कि कलंदरगढ़ी गांव निवासी मोमिन सुदेशपुर गांव में दवा की दुकान चलाता है। 

मोमिन को अपने पिता रियाजुद्दीन (50) और पत्नी सना (21) के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इस बात को लेकर परिवार में आए दिन विवाद होता था। पुलिस ने बताया कि रविवार को भी पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंधों को लेकर परिवार में विवाद बढ़ गया। 

14 of 15
मौके पर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
दोनों परिवारों के बीच हुई थी पंचायत
मोमिन ने सना के परिजनों को फोन करके बुला लिया। सना के परिवार के लोग और मोमिन के परिवार के अन्य लोग घर पर इकट्ठा हुए। दोनों परिवारों के बीच पंचायत हुई। रियाजुद्दीन व सना को समझाया गया।

पंचायत में की थी पिता की पिटाई
पंचायत के दौरान ही मोमिन ने अपने पिता से मारपीट की। इस दौरान लोगों ने बीच-बचाव किया। पंचायत के बाद जब रिश्तेदार अपने-अपने घर चले गए तो रियाजुद्दीन व मोमिन के बीच फिर से विवाद हुआ। इसी के बाद मोमिन ने रियाजुद्दीन और सना को लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी।
विज्ञापन

15 of 15
ससुर और बहू के फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता और पत्नी को गोली मारकर खुद दी पुलिस को सूचना
गोली लगने के साथ दोनों घायल अवस्था में वहीं गिर गए। इसके बाद मोमिन ने खुद ही 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ खुर्जा व कोतवाली प्रभारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल सना को अस्पताल पहुंचाया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया लेकिन परिजन उसे खुर्जा के कैलाश अस्पताल लेकर पहुंचे।

इलाज के दौरान सना की मौत
कुछ देर बाद उपचार के दौरान सना ने दम तोड़ दिया। रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।

पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध के शक में बेटे ने गोली मारकर दोनों की हत्या कर दी। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या में प्रयुक्त रियाजुद्दीन की लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है।- दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें