लखीमपुर खीरी जिले में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कच्ची दीवार और पेड़ गिरने से ढहे मकान के मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। चार लोग घायल हुए हैं। शुक्रवार को जिले में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। बिजली के खंभे गिरने और लाइन क्षतिग्रस्त होने से जिले के 500 से अधिक गांवों की बिजली 24 घंटे से अधिक समय तक गुल रही। शहर के गंगोत्रीनगर, महराजनगर, बहादुरनगर, आवास विकास व सिकटिहा आदि मोहल्लों की बिजली आपूर्ति भी 12 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। बारिश से जिले की नदियां भी उफना गई हैं। संपूर्णानगर क्षेत्र के गोविंदनगर गांव में बाढ़ का पानी पहुंच गया। पलिया और धौरहरा प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। बारिश, बाढ़ और जलभराव के चलते आठवीं तक के स्कूलों में शनिवार का अवकाश घोषित किया गया है।