आज के दौर में जहां एक तरफ कॉलोनियां और मकान बनाने के लिए हरियाली पर अंधाधुंध आरी चल रही है, दूसरी ओर बरेली शहर में कई ऐसे भी पर्यावरण प्रेमी हैं, जिन्होंने तीन मंजिला मकान तैयार कर लिया मगर पेड़ नहीं काटे। मकान का पूरा नक्शा पेड़ के मुताबिक कर लिया। पेड़ की छांव में बने ये शानदार मकान ट्री हाउस बन गए हैं। लोग इन मकानों की बनावट देखते रह जाते हैं।
रामपुर गार्डन में डॉ. रेणुका अग्रवाल और उनके पति डॉ. सागर ने प्लॉट लेकर वहां अस्पताल का निर्माण कराने के लिए नक्शा बनवाया। नीचे अस्पताल और प्रथम व द्वितीय तल पर मकान बनना था, मगर इसी प्लॉट में 40 फुट ऊंचा कदंब का पेड़ था। डॉ. रेणुका बताती हैं कि अस्पताल और घर दोनों का नक्शा नहीं बन पा रहा था। ऐसे में उन्होंने पेड़ कटवाने का फैसला किया मगर उनकी सास ऊषा अग्रवाल ने उन्हें ऐसा करने से रोका।