बरेली में 26 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित रोड शो के लिए राजेंद्रनगर को चमकाया जा रहा है। सड़कों से लेकर बिजली के खंभे, डिवाइडर तक सब चमकाए जा रहे हैं। डिवाइडरों की पेटिंग के साथ ही वहां फूलों के पौधे भी लगाए गए हैं। कहीं कोई कमी न रह जाए, लिहाजा दिन भर अधिकारी वहां के चक्कर लगाते रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रोड शो 1.2 किलोमीटर का होगा। यह स्वयंवर बरातघर से शुरू होकर छत्रपति शिवाजी चौक होते हुए बलिदानी पंकज अरोड़ा स्तंभ पहुंचकर संपन्न होगा। इस 1.2 किमी सड़क पर दिन-रात काम चल रहा है। सड़क को दो दिन पहली पानी से धोया गया था। 50 से ज्यादा सफाई कर्मी सड़क की सफाई में लगे हैं। महिला सफाई कर्मियों को भी लगाया गया है। सड़क के दोनों ओर नालों पर कई जगह स्लैब डलवाए गए हैं। नाले-नालियों को पूरी तरह से ढक दिया गया है।