फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्री मानसून का आगाज: बरेली में साढ़े तीन घंटे में 149.4 मिमी बारिश, 12 साल का टूटा रिकॉर्ड, शहर का हुआ ये हाल

Tue, 17 Jun 2025 06:50 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में प्री मानसून का आगाज मूसलाधार बारिश के साथ हुआ। साढ़े तीन घंटे में 149.4 मिमी बारिश हुई। बारिश के पानी से सड़कों से लेकर रेल पटरी तक डूब गई। घरों और दुकानों में पानी भर गया। 
विज्ञापन
1 of 9
जलभराव से गुजरते लोग - फोटो : अमर उजाला
बरेली में प्री मानसून का आगाज रिकॉर्ड बारिश के साथ हुआ। सोमवार तड़के ढाई से सुबह छह बजे तक 149.4 मिमी बारिश हुई। इससे पहले 27 जून 2013 को 193.7 मिमी बारिश हुई थी। इससे लोगों को गर्मी से खासी राहत मिली। वहीं बारिश के बाद शहर के लोग जलभराव से जूझे। सड़कें तालाब बन गईं। उधर, बरेली जंक्शन से बरेली सिटी स्टेशनों के बीच रेलवे लाइनों पर करीब चार फुट पानी भर गया। इससे यह रूट 13 घंटे तक बाधित रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और प्री-मानसून की सक्रियता से भारी बारिश हुई है। अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों ही सामान्य से चार-चार डिग्री कम रहे।
विज्ञापन

2 of 9
बरेली में हुई झमाझम बारिश - फोटो : अमर उजाला
मौसम विशेषज्ञ अतुल के मुताबिक, रविवार की रात से सोमवार सुबह तक प्रदेश के जिन जिलों में अनुकूल माहौल बना, वहां झमाझम बारिश हुई। तराई इलाकों में सर्वाधिक बारिश हुई। प्रदेश की बात करें तो बरेली में सर्वाधिक 149.4 मिमी, सहारनपुर के नकुड में 120 मिमी, बिजनौर में 86 मिमी, गोंडा के मनकापुर में 83 मिमी, लखीमपुर खीरी के शारदानगर में 66.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के दौरान मेघ गर्जन ने हृदय के स्पंदन की गति तीव्र कर दी। लोगों के घरों में लगे टीवी, इन्वर्टर आदि उपकरण खराब हो गए।
विज्ञापन

3 of 9
सड़क पर भरा बारिश का पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
धान, गन्ना किसानों को राहत, सब्जियों को नुकसान
बारिश ने धान और गन्ना बोआई का इंतजार कर रहे किसानों को राहत पहुंचाई है। प्रगतिशील किसान सर्वेश के मुताबिक, अब धान और गन्ने की खेती शुरू होगी। अच्छी बारिश से खेत जलमग्न हुए। सिंचाई की जरूरत नहीं। वहीं, तरावट से बोआई, रोपाई का काम शुरू हो जाएगा। हालांकि, आम, जामुन व सब्जियों की फसल को नुकसान होने की आशंका जताई।

4 of 9
बरेली में बारिश से हुआ जलभराव - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
शहर के पांच लाख लोगों ने झेला जलभराव
साढ़े पांच करोड़ रुपये से नाला सफाई करवाकर शहर को जलभराव से राहत देने की नगर निगम की कार्ययोजना पहली बारिश में बह गई। सुरेश शर्मा नगर, सतीपुर, जनकपुरी, प्रेमनगर, बानखाना, बिधौलिया, आजमनगर, इंग्लिशगंज, फाल्तूनगंज, संजयनगर, सुभाषनगर समेत शहर के कई मोहल्लों में जलभराव से आवागमन प्रभावित रहा। लोगों के घरों और प्रतिष्ठानों में पानी भर गया। घरेलू सामान, फर्नीचर और तमाम उपभोक्ता वस्तुएं खराब हो गईं।
विज्ञापन

5 of 9
बारिश के बाद सुभाषनगर में भरा पानी - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बारिश थमने के कई घंटे बाद तक सड़कों से पानी नहीं निकाला जा सका। इसकी वजह से तमाम लोग घरों से नहीं निकल पाए। यह स्थिति तब है जब नगर निगम के अधिकारियों ने आठ जून तक सभी नालों की सफाई कराए जाने का दावा किया था। अब चोक नाले इसकी पुष्टि कर रहे हैं कि तैयार की गई योजना पर अमल नहीं हो सका।
 
विज्ञापन

6 of 9
हाजियापुर में हुआ जलभराव - फोटो : अमर उजाला
हजियापुर-सिकलापुर में सर्वाधिक जलभराव
सबसे ज्यादा जलभराव हजियापुर, सिकलापुर और किला क्षेत्र में नजर आया। हजियापुर में साइकिल सवार युवक बह गया। लोगों ने आगे बढ़कर उसे बचाया। इसी तरह से फल-सब्जी लेकर निकले ठेले वालों को भी बहते समय बचाया गया। बचाव के इंतजामों की बात करें तो हजियापुर में पंप चलाने के लिए डीजल नहीं था। वहां कई घंटे जलभराव रहा। डेलापीर में तालाब के पीछे स्थित निजी हास्टल से दस घंटे तक बारिश का पानी नहीं निकल सका। सकिंग मशीन लेकर नगर निगम की टीम पहुंची, लेकिन हास्टल से पानी नहीं निकाला जा सका, क्योंकि नाला लगातार ओवरफ्लो हो रहा था। जजेज कॉलोनी में घरों तक पानी पहुंच गया। एसएसपी कार्यालय में घुसे पानी को पंप से निकलना पड़ा।
विज्ञापन

7 of 9
जंक्शन पर टीनशेड से गिरता बारिश का पानी - फोटो : अमर उजाला
मूसलाधार बारिश के दौरान जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो और पांच के शेड झरना बन गए। लखनऊ-दिल्ली रेलखंड के कई स्टेशनों के यार्ड जलमग्न हो गए। 55311 कासगंज-लालकुआं पैसेंजर ट्रेन को घटपुरी स्टेशन पर रोक दिया गया। 55325 बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर ट्रेन को देरी से चलाया गया। 15055 आगरा फोर्ट-रामनगर एक्सप्रेस को जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर रोका गया। इस ट्रेन का ठहराव प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर होता है।

8 of 9
बरेली में हुई भारी बारिश - फोटो : अमर उजाला
इसके अलावा 05062 टनकपुर-मथुरा विशेष ट्रेन और 15056 रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस को भी रास्ते में रोक दिया गया। 55308 काशीपुर-कासगंज पैसेंजर, 55328 बरेली सिटी-कासगंज पैसेंजर को भी रोककर चलाया गया। 12036-35 पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस, 15075 त्रिवेणी एक्सप्रेस का संचालन भी प्रभावित हुआ।

 
विज्ञापन

9 of 9
पपिंग सेट लगाकर निकाला गया पानी - फोटो : अमर उजाला
रात आठ बजे क्लीयर हुई लाइन
11 घंटे की जद्दोजहद के बाद पानी निकाला जा सका। इसके लिए 15 पंपिंग सेट का इस्तेमाल करना पड़ा। 80 से ज्यादा श्रमिकों को लगाया गया। सुबह नौ बजे से यहां युद्ध स्तर पर काम शुरू किया गया। रात आठ बजे लाइन क्लियर हो सकी। फिलहाल लाइन की पेट्रोलिंग की जा रही है। ज्यादा जलभराव होने के कारण कुछ स्थानों पर स्लीपर को नुकसान पहुंचा है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें