फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit Murder Case: कशिश की हत्या के बाद छात्र-छात्राओं में आक्रोश, मेडिकल कॉलेज में किया विरोध प्रदर्शन

Wed, 15 Jul 2026 12:20 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत के जिला अस्पताल में मंगलवार को सीटी स्कैन कक्ष में हुई छात्रा कशिश पटेल की हत्या के बाद से मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राएं बुरी तरह सहमे हुए हैं। पैरामेडिकल टेक्नीशियन के छात्र-छात्राओं ने खुद की सुरक्षा पर सवाल उठाए। घटना के बाद दूसरे दिन भी मेडिकल कॉलेज परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। 
विज्ञापन
1 of 8
कशिश की हत्या के बाद से सहमे हुए हैं छात्र-छात्राएं। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की हत्या के बाद मेडिकल कॉलेज के छात्रों में आक्रोश है। बुधवार सुबह बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं जिला अस्पताल परिसर में एकत्र हुए और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने, आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल टेक्नीशियन वर्ग में 73 छात्र-छात्राएं हैं। इनमें 24 युवतियां व 49 युवक अलग-अलग वर्ग की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। मंगलवार को सीटी स्कैन कक्ष में हुई दिल दहलाने वाली वारदात से छात्र-छात्राएं बुरी तरह सहमे हुए हैं। 
विज्ञापन

2 of 8
मेडिकल कॉलेज में जुटे छात्र-छात्राएं - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि अस्पताल और मेडिकल कॉलेज परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं में भय का माहौल है। उन्होंने परिसर में सुरक्षा कर्मियों की संख्या बढ़ाने, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने व बाहरी लोगों के प्रवेश पर सख्ती से नियंत्रण की मांग उठाई। छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा मौके पर पहुंचीं। 
विज्ञापन

3 of 8
मेडिकल कॉलेज परिसर में जुटे छात्र-छात्राएं - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्राचार्य ने छात्रों को दिलाया भरोसा 
प्राचार्य ने प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं। प्राचार्य ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि उनकी सभी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रों की समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए। प्राचार्य के आश्वासन के बाद छात्रों का आक्रोश कुछ शांत हुआ, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सुरक्षा संबंधी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे इस मुद्दे को लगातार उठाते रहेंगे।

4 of 8
छात्रा कशिश पटेल की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीटी स्कैन कक्ष में हुई छात्रा की हत्या 
जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में मंगलवार सुबह पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने अपनी सहपाठी छात्रा कशिश पटेल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, जिससे छात्रा की मौत हो गई। घटना के दौरान कशिश को बचाने आई स्टाफ नर्स निधि पर भी आरोपी ने हमला किया था। वह घायल हो गईं। कशिश के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया गया था।  
विज्ञापन

5 of 8
घटना के बाद इमरजेंसी के बाहर जुटे लोग - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
80 सुरक्षाकर्मियों व 88 सीसी कैमरों के बावजूद सुरक्षा फेल
जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में पैरामेडिकल छात्रा कशिश पटेल की हत्या की घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल में 80 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात हैं और परिसर की निगरानी के लिए 88 सीसी कैमरे भी लगे हैं। इसके बावजूद आरोपी चाकू लेकर अस्पताल में दाखिल हुआ, दो बार सीटी स्कैन कक्ष तक पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। 
विज्ञापन

6 of 8
जिला अस्पताल के सीटी स्कैन कक्ष में हुई कशिश पटेल की हत्या - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अस्पताल परिसर में पहले भी सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियां सामने आ चुकी हैं। यहां बाइक चोरी, मारपीट और नवजात के शव को कुत्ते द्वारा उठा ले जाने जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि अब तक इस तरह की कोई बड़ी आपराधिक वारदात नहीं हुई थी। मंगलवार को सीटी स्कैन कक्ष में हुई हत्या की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया।
विज्ञापन

7 of 8
गमगीन कशिश पटेल के पिता रोहिताश पटेल - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता बोले- होनहार थी मेरी बेटी
छात्रा कशिश पटेल बरेली के भुता थाने के केसरपुर गांव की निवासी थी। घटना के बाद परिजन स्तब्ध थे। पोस्टमॉर्टम हाउस पर पिता रोहिताश पटेल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बेटी की हत्या का अफसोस जताया। कहा कि बेटी होनहार थी तो उसे महंगी पढ़ाई करा रहे थे। आरोपी ने क्यों उसकी हत्या कर दी, ये हम लोग नहीं जानते। ड्राइवर पिता रोहताश ने बताया कि वह प्राइवेट वाहनों पर ड्राइविंग करके परिवार पाल रहे हैं। आठ बीघा खेती है। 
विज्ञापन

8 of 8
कशिश पटेल की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बेटी कशिश ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 80 फीसदी अंक हासिल किए थे। इसलिए उसे आगे पढ़ाने के लिए उन्होंने जीतोड़ मेहनत की। खुद रात दिन स्टीयरिंग पर काटा लेकिन रुपये जुटाए और बेटी का सरकारी कॉलेज में नंबर आने पर सीटी स्कैन कोर्स करा रहे थे। उनका बेटा रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से बीफार्मा कर रहा है। रोहताश व उनकी पत्नी गिरिजा देवी बेटी को चिकित्सा क्षेत्र में स्थापित करने में दिन-रात लगे थे। उसका एडमिशन पीलीभीत में कराया था। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें