फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: नशेड़ी ने खंडहर में फेंकी बच्ची, दिशा पाटनी की मेजर बहन ने बचाई जान; दिनभर की देखभाल फिर मां से मिलवाया

Sun, 20 Apr 2025 10:22 PM IST
विकास कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बरेली

सार

बरेली जंक्शन पर नशेड़ी को सौंपकर दूध लेने चली गई थी मां। जीआरपी ने नहीं निभाया फर्ज। दिनभर बच्ची की देखभाल में लगी रहीं खुशबू पाटनी और उनकी मां। शाम को मिली असली मां।
विज्ञापन
1 of 6
खुशबू पाटनी ने बचाई बच्ची की जान - फोटो : अमर उजाला
बरेली जंक्शन पर नशेड़ी को बच्ची सौंपकर दूध लेने चली गई उसकी मां देर तक नहीं लौटी तो नशेड़ी बच्ची को उठा ले गया। उसने बच्ची पुलिस लाइन के एक खंडहर में छोड़ दी जिसके रोने की आवाज सुनकर अभिनेत्री दिशा पाटनी की मेजर बहन खुशबू पाटनी ने उसकी जान बचा ली। दिन भर खुशबू और उनकी मां बच्ची की देखभाल में लगी रहीं, शाम को पुलिस ने उसकी मां को खोज लिया। इस दौरान जीआरपी की भूमिका निराशाजनक रही।
विज्ञापन

2 of 6
खुशबू पाटनी - फोटो : अमर उजाला
बच्ची को लेकर बिहार जा रही थी मां
बिहार के मधुबनी जिला निवासी गुफरान नाम की महिला की शादी बदायूं जिले के बिनावर में अहिरवारा में हुई है। गुफरान रविवार सुबह घर से आठ माह की बच्ची इनायत के साथ ट्रेन से बरेली आई थीं। सुबह सात बजे करीब गुफरान जंक्शन पर उतरीं। यहां से दूसरी ट्रेन पकड़कर उन्हें अपने मायके बिहार जाना था। इस दौरान बच्ची को भूख लगी तो गुफरान ने उसे जंक्शन पर बैठे एक नशेड़ी युवक को थमा दिया और थोड़ी देर में आने की बात कहकर चली गईं। बताते हैं कि करीब आधा घंटे तक नशेड़ी बच्ची को लेकर बैठा रहा। फिर उसकी मां को न आता देखकर बच्ची लेकर रेलवे लाइन किनारे चला गया। वह बच्ची को चौपुला के पास पुरानी पुलिस लाइन के खंडहर पड़े क्वार्टर में छोड़कर चला गया।
विज्ञापन

3 of 6
खुशबू पाटनी और उनकी मां - फोटो : अमर उजाला
बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो पहुंचीं मां-बेटी
बरेली पुलिस से रिटायर्ड सीओ जगदीश पाटनी (अभिनेत्री दिशा पाटनी के पिता) का आवास पुरानी पुलिस लाइन की दीवार से सटा है। रविवार सुबह उनकी पत्नी पदमा पाटनी घर की सफाई कर रही थीं। उन्होंने बच्ची के रोने की आवाज सुनी तो स्वीमिंग से लौटी बेटी खुशबू पाटनी को बताया। सेना में मेजर के पद से वीआरएस लेकर करीब साल भर से माता पिता के साथ रह रहीं खुशबू तुरंत ही दीवार कूदकर उस पार गईं तो खंडहर में बच्ची रोती मिली। तब उन्होंने मां को भी बुला लिया।

4 of 6
खुशबू पाटनी और बच्ची - फोटो : अमर उजाला
बच्ची को नहलाकर दूध पिलाया, खरीदे नए कपड़े
बच्ची इनायत जब क्वार्टर में मिली तो वह मिट्टी में सनी हुई थी। खुशबू ने उसे उठाया और घर लेकर आ गईं। यहां खुशबू और उनकी मां ने बच्ची को नहलाकर साफ किया और दूध पिलाया। बच्ची को थोड़ा आराम मिला तो खुशबू ने कॉल करके पिता जगदीश पाटनी को फार्म हाउस से बुला लिया। उन्होंने सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव को सूचना दी और फिर बच्ची को चाइल्ड लाइन की देखरेख में जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती करा दिया गया। फिर कोतवाली पुलिस ने बच्ची के बारे में माइक से सूचना प्रसारण कराना शुरू कर दिया। इससे पहले खुशबू ने बाजार जाकर कुछ कपड़े खरीदे जो बच्ची को पहना दिए।
विज्ञापन

5 of 6
खुशबू पटानी - फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने फुटेज देखी, जीआरपी मूकदर्शक रही
बच्ची के अस्पताल पहुंचने के बाद कोतवाली पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे तलाशने शुरू किए। इस दौरान खुशबू भी साथ में रहीं। उधर, बच्ची की मां गुफरान जंक्शन पर भटकती रही पर जीआरपी या आरपीएफ ने कोई सुध नहीं ली। थक हारकर महिला कोतवाली आई तो उसे बच्ची दिखाकर पहचान कराई गई। गुफरान अपनी बच्ची को पाकर खुशी से फूली न समाई। बच्ची भी मां को देखकर किलक उठी। इसके बाद चाइल्ड लाइन की ओर से बच्ची विधिवत मां को सौंपने के प्रयास शुरू हो गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
खुशबू पाटनी बच्ची के साथ - फोटो : अमर उजाला
बच्ची की हालत ठीक
- बच्ची जिला अस्पताल में आई थी। उसका चेकअप किया गया। उसकी हालत ठीक थी। कोई खास चोट या जख्म नहीं मिला। दोपहर तीन बजे करीब चाइल्ड लाइन की टीम उसे साथ ले गई। - डॉ. संदीप गुप्ता, बाल रोग विशेषज्ञ

लावारिस हालत में मिली बच्ची की मां बाद में मिल गई। वह जंक्शन पर उसे अपरिचित युवक को देकर चली गई थी। चाइल्ड लाइन के जरिये उसे मां को सौंपा जा रहा है। बच्ची की हालत बिल्कुल ठीक है। स्थानीय लोगों की सजगता की वजह से भी बच्ची को मां से मिलाना आसान हुआ। - पंकज श्रीवास्तव, सीओ सिटी प्रथम


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें