शाहजहांपुर के सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव शिवनगर की इंटरमीडियट की छात्रा अर्चना हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अर्चना की हत्या उसके पिता सुखलाल ने की थी। खेत में युवक के साथ देखने के बाद पिता ने उसकी पिटाई करने के बाद कमरे में बंद रखा। समझाने के बाद भी नहीं मानने पर 21 जनवरी को सिर पर ईंट मार दी। इसके बाद रात में बेहोशी की हालत में उसे बोरी में भरकर तालाब में फेंक दिया। मृतका के प्रेमी के सामने आने के बाद मामले की परतें खुलने लगी। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ के बाद मृतका के पिता ने सारा राज खोल दिया।
इंटरमीडिएट की छात्रा अर्चना देवी कोरोकुइयां स्थित ईडेन पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी। 24 जनवरी की सुबह उसका शव दियूरिया-कल्यानपुर गांव के पास तालाब किनारे बोरी में मिला था। तालाब के किनारे स्कूल बैग, साइकिल आदि पड़ा मिला था। मृतका के पिता सुखलाल ने 10 जनवरी से स्कूल जाने के बाद वापस न आने और पुलिस पर गुमशुदगी दर्ज नहीं करने का आरोप लगाया।