Kartik Purnima 2024: बरेली में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने रामगंगा में स्नान किया। चौबारी मेले में भारी भीड़ उमड़ी है। रामगंगा के अन्य घाटों पर भी भारी भीड़ रही।
विज्ञापन
1 of 5
रामगंगा घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के चौबारी मेले में रामगंगा घाट पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लाखों श्रद्धालु मेले में पहुंचे हैं। शुक्रवार तड़के चार बजे से ही स्नान शुरू हो गया। ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने रामगंगा में आस्था की डुबकी लगाकर दान पुण्य किया। इसके बाद चौबारी मेले में जमकर खरीदारी की। हिंदू धर्म में कार्तिक पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है। इस दिन स्नान के बाद लोग दान-पुण्य करते हैं। इसी आस्था भाव के साथ बृहस्पतिवार को सुबह से ही लोग परिवार के साथ मेला परिसर में पहुंचने लगे थे। देर रात तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी रहा। चौबारी के अलावा रामगंगा के अन्य घाटों पर श्रद्धालु पहुंचे और स्नान किया।
विज्ञापन
2 of 5
चौबारी घाट पर उमड़े श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
यह है मान्यता
पौराणिक कथाओं में बताया गया है कि इस दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का अंत करके उसके आतंक से देवताओं को मुक्ति दिलाई थी। इसलिए इस दिन का महत्व शास्त्रों में बहुत खास माना जाता है। इस दिन पूजापाठ के साथ दानपुण्य और गंगा स्नान करने से कष्ट दूर होते हैं और कई जन्मों के पापों का अंत होता है।
विज्ञापन
3 of 5
चौबारी मेले में श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम
कार्तिक पूर्णिमा पर चौबारी मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से खास इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर मेला परिसर में अस्थायी थाना बनाया गया है। श्रद्धालु गहरे पानी न जा सकें, इसके लिए बैरिकेडिंग के साथ फ्लोटिंग टीम लगाई गई है। यातायात को लेकर अलग से व्यवस्था की गई है।
4 of 5
चौबारी मेले में लगे झूले
- फोटो : अमर उजाला
मेले में महिलाओं ने की खरीदारी
चौबारी मेले के मीना बाजार में जहां महिलाओं की भीड़ देखी गई, वहीं अन्य दुकानों पर भी लोग खरीदारी करते नजर आए। ज्यादातर लोगों ने घरों को सजाने के लिए सामान खरीदे। वहीं, महिलाएं रसोई से संबंधित लकड़ी के सामान खरीदती नजर आईं। पत्थर के सिल और बट्टे भी खूब बिके। बच्चों ने खिलौने खरीदे। झूलों आदि का आनंद लिया।
चौबारी मेले में आए विभिन्न नस्लों के घोड़े
- फोटो : अमर उजाला
चौबारी मेले में घोड़ों का नखासा आकर्षण का केंद्र है। नखासे में विभिन्न नस्लों के घोड़े बिक्री के लिए लाए गए हैं। मेला प्रबंधक जयवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम चार बजे घोड़ों की रेस होगी और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा।