बरेली में सावन के पहले सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए रविवार शाम से ही कांवड़ियों के जत्थे कछला और हरिद्वार से जल लेकर शहर आने लगे। आधी रात के बाद कांवड़ियों ने हर-हर महादेव जयघोष के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक किया। सबसे पहले मिला स्थित अलखनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं ने भोले बाबा का जलाभिषेक किया। मंदिर के महंत कालू गिरि महाराज ने बताया कि भक्तों की भीड़ को देखते हुए मंदिर में आने-जाने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। सोमवार सुबह शिवभक्तों की कतार लग गईं। मंदिर परिसर बम-बम भोले, हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो गए।
त्रिवटीनाथ मंदिर में महाआरती के बाद शुरू हुआ जलाभिषेक
प्रेमनगर स्थित बाबा त्रिवटीनाथ मंदिर में सोमवार तड़के चार बजे महाआरती के बाद जलाभिषेक की शुरुआत हुई। मीडिया प्रभारी संजीव औतार अग्रवाल ने बताया कि मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए व्यवस्था कर ली गई है। शिवालय में एक ओर से भक्तों को प्रवेश दिया जा रहा है, जबकि दूसरी ओर से निकास की व्यवस्था की गई है। धर्मकांटा चौराहा होते हुए त्रिवटीनाथ मंदिर पहुंचा जा सकता है।