रुहेलखंड में कोहरे ने दस्तक दे दी है। बरेली समेत मंडल के चारों जिलों में बुधवार को सीजन का पहला घना कोहरा छाया रहा, जिसका असर यातायात पर देखने को मिला। बुधवार तड़के चार बजे से कोहरा छाने लगा। जब लोगों की नींद खुली तो बाहर घना कोहरा देखने को मिला। बरेली में दृश्यता 30 से 40 मीटर तक सीमित रही, जिससे वाहनों की रफ्तार कम हो गई। वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलाना पड़ा। शहर में कोहरे का असर सुबह नौ बजे तक बना रहा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 10 बजे के बाद तक कोहरा बना रहा। वहीं पछुआ हवा चलने से ठंड बढ़ गई है। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़े पहनने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी दिनों में सुबह के वक्त घना कोहरा छा सकता है।