बरेली समेत आसपास के जिलों में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को सुबह से ही बादल छा गए। बरेली और पीलीभीत जिले में दोपहर करीब एक बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 30 मिनट तक बारिश होती रही, जिससे शहर के नाले उफना गए और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बरेली के हाजियापुर में जलभराव के बीच एक मृत व्यक्ति का जनाजा निकाला गया। उधर, खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। गेहूं और सरसों की कटाई हो रही है। कई इलाकों में गेहूं की फसल खेतों में कटी पड़ी है। बारिश होने से दाना काला पड़ने और फसल को नुकसान खतरा बढ़ गया है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो उत्पादन पर असर पड़ सकता है।