फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Weather: बरेली-पीलीभीत में मूसलाधार बारिश, जलभराव के बीच निकला जनाजा; खेतों में भरा पानी, फसलों को नुकसान

Wed, 08 Apr 2026 02:07 PM IST
Mukesh Kumar अमर उजाला नेटवर्क, बरेली

सार

बरेली में बुधवार को सुबह से छाए बादल दोपहर में जमकर बरसे। करीब 30 मिनट तक मूसलाधार बारिश होती रही। इसी तरह पीलीभीत में भारी बारिश हुई है, जिससे गेहूं की फसलों का भारी नुकसान होने की संभावना है। बदायूं और शाहजहांपुर जिले में बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। 
विज्ञापन
1 of 5
बरेली में जलभराव के बीच निकला जनाजा - फोटो : संवाद
बरेली समेत आसपास के जिलों में बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। बुधवार को सुबह से ही बादल छा गए। बरेली और पीलीभीत जिले में दोपहर करीब एक बजे से मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 30 मिनट तक बारिश होती रही, जिससे शहर के नाले उफना गए और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बरेली के हाजियापुर में जलभराव के बीच एक मृत व्यक्ति का जनाजा निकाला गया। उधर, खेतों में पानी भरने से फसलों को भारी नुकसान होने की संभावना है। किसानों का कहना है कि बेमौसम बारिश से फसलों को नुकसान हुआ है। गेहूं और सरसों की कटाई हो रही है। कई इलाकों में गेहूं की फसल खेतों में कटी पड़ी है। बारिश होने से दाना काला पड़ने और फसल को नुकसान खतरा बढ़ गया है। यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो उत्पादन पर असर पड़ सकता है। 
विज्ञापन

2 of 5
बरेली में छाए काले बादल - फोटो : संवाद
सुबह से छाए बादल, दोपहर में जमकर बरसे
बरेली में बुधवार को सुबह कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। दोपहर के समय काले बादल छा गए और अंधेरा छा गया। एक बजे से गरज-चमक और तेज हवा के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विशेषज्ञ अतुल सिंह ने बताया कि मध्यम क्षोभमंडल में पाकिस्तान और पंजाब के पास मंडरा रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में परिवर्तन आया है। आने वाले दिनों में बारिश की वजह से तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
विज्ञापन

3 of 5
बरेली में जलभराव के बीच निकला जनाजा - फोटो : संवाद
शहर की सड़कों पर हुआ जलभराव 
बरेली में करीब 30 मिनट तक मूसलाधार बारिश होने से शहर की सड़कों पर जलभराव हो गया। सेटेलाइट बस अड्डा लबालब हो गया। जंक्शन और बरेली सिटी के यार्ड में भी पानी भर गया। हाजियापुर में सड़क पर जलभराव हो गया, जिससे यहां एक मृत व्यक्ति का जनाजा जलभराव के बीच निकाला गया। बताया जा रहा है कि अप्रैल में पहली बार ऐसी बारिश हुई, जिससे शहर के नाले भी उफना गए। सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।

4 of 5
पीलीभीत में जमकर हुई बारिश - फोटो : संवाद
तराई में भी बिगड़ा मौसम 
पीलीभीत जिले में मंगलवार रात से तेज हवा और बादल छाए रहने के बाद बुधवार सुबह बारिश शुरू हो गई। सुबह एक घंटा तक हल्की बारिश होती रही। इसके बाद दोपहर में मूसलाधार बारिश बारिश हुई। जिससे खेत में कटी पड़ी और तैयार खड़ी गेहूं फसल के नुकसान की आशंका और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि अगर ऐसा ही मौसम रहा तो किसानों को काफी नुकसान होगा। गेहूं की कटाई प्रभावित होगी, साथ ही उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
बदायूं में खेत में कटी पड़ी गेहूं की फसल - फोटो : संवाद
बदायूं में भी हुई बारिश 
बदायूं जनपद में मंगलवार देर रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश बुधवार सुबह तक जारी रही। बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। खासतौर पर गेहूं, सरसों और दलहनी फसलों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के चलते कच्चे रास्तों पर कीचड़ हो गया गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। उधर, बारिश के साथ कई ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली आपूर्ति भी बाधित रही। रातभर और सुबह तक कई गांवों में बिजली कटौती से लोग परेशान रहे। पेयजल आपूर्ति और घरेलू कार्यों पर भी इसका असर पड़ा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें