फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरेली में बीएलओ की मौत: दो माह पहले कैंसर से शिक्षक की पत्नी की गई थी जान, दो जुड़वा बच्चे हुए बेसहारा

Thu, 27 Nov 2025 10:30 AM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, बरेली

सार

बरेली में एसआईआर के काम के दौरान हार्ट अटैक से बीएलओ शिक्षक सर्वेश कुमार गंगवार की मौत हो गई। शिक्षक की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सर्वेश की पत्नी की दो महीने पहले कैंसर से मौत हो गई थी। इससे उनके दो बच्चे बेसहारा हो गए हैं। 
विज्ञापन
1 of 6
अस्पताल के बाहर खड़ी पुलिसकर्मी, शिक्षक सर्वेश कुमार गंगवार का फाइल फोटो - फोटो : अमर उजाला
बरेली के भोजीपुरा ब्लॉक के परधौली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कामकाज के दौरान बीएलओ सहायक अध्यापक सर्वेश कुमार गंगवार (47 वर्ष) को हार्ट अटैक आ गया। इससे उनकी मौत हो गई। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मिनी बाइपास के निकट स्थित श्री कृष्णा होम कॉलोनी निवासी सर्वेश शाहजहांपुर के कटरा थाना क्षेत्र के कसरत गांव के मूल निवासी थे। दो महीने पहले बीमारी से उनकी मौत हो गई थी। शिक्षक की मौत से उनके दो बच्चे बेसहारा हो गए। प्राथमिक शिक्षक संघ ने पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है। 
विज्ञापन

2 of 6
शिक्षक सर्वेश कुमार गंगवार (फाइल) - फोटो : संवाद
भोजीपुरा के खंड शिक्षा अधिकारी विवेक शर्मा ने बताया कि सुबह 11:30 बजे सर्वेश परधौली गांव स्थित अपने प्राथमिक विद्यालय में ही पुनरीक्षण संबंधी काम कर रहे थे। इस दौरान वह अचानक कुर्सी से गिर गए। उनकी नाक से खून बहने लगा और बेहोश हो गए। विद्यालय के शिक्षकों ने आसपास के डॉक्टरों को दिखाया। हालत में सुधार नहीं हुआ तो सर्वेश को मिनी बाइपास स्थित प्रताप अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी अविनाश सिंह भी हॉस्पिटल पहुंच गए। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया।
विज्ञापन

3 of 6
डीएम अविनाश सिंह - फोटो : अमर उजाला
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि बीएलओ सर्वेश की मौत हार्ट अटैक से हुई है। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके आश्रितों को सरकारी प्रावधान के मुताबिक लाभ दिया जाएगा। उनके बच्चों के लिए जितना भी हो सकेगा, जिला प्रशासन अपने स्तर से भी मदद करेगा। सर्वेश का निर्वाचन कार्य जिले और प्रदेश स्तर पर अच्छा था। चार दिन पहले उनके काम की प्रशंसा भी हुई थी।

4 of 6
मृतक के बड़े भाई योगेश कुमार गंगवार (बायें), सर्वेश कुमार गंगवार का फाइल फोटो (दायें) - फोटो : अमर उजाला
दो माह पहले हुई थी पत्नी की मौत, दो बच्चे बेसहारा
मृतक के बड़े भाई योगेश गंगवार ने बताया कि वर्ष 2015 में शिक्षक के पद पर सर्वेश की नियुक्ति हुई थी। सितंबर में सर्वेश की पत्नी प्रभा गंगवार की मौत कैंसर की वजह से हुई थी। सर्वेश के पांच साल के दो जुड़वा बच्चे अहाना और अयांश हैं। पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंचे योगेश के करीबी दोनों बच्चों के भविष्य को लेकर खासे चिंतित दिखे। लोगों का कहना था कि दो मासूम बच्चों के सिर से पहले मां और फिर पिता का साया उठ गया। ऊपर वाले ने ऐसा अनर्थ क्यों किया?
विज्ञापन

5 of 6
शिक्षक सर्वेश कुमार गंगवार (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
परिवार को दिया जाए एक करोड़ रुपये का मुआवजा
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नरेश गंगवार ने कहा कि अफसर शिक्षकों से बदसलूकी करते हैं। शिक्षक रोजाना रात 12 बजे तक काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें प्रशासनिक अफसरों से अपमानित होना पड़ रहा है। एसआईआर के लिए एक माह की अवधि बहुत कम है। हमारी मांग है कि शिक्षक सर्वेश के परिजनों को सरकार एक करोड़ रुपये का मुआवजा दे। भोजीपुरा के खंड शिक्षा अधिकारी और कई शिक्षक पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। सभी का कहना था कि सर्वेश काफी मिलनसार थे। पत्नी की मौत के बाद वह दुखी रहते थे। मगर, अपनी ड्यूटी के साथ ही वह अपने दोनों बच्चों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

6 of 6
अस्पताल के बाहर मौजूद प्रशासनिक अफसर व पुलिसकर्मी - फोटो : अमर उजाला
आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की मांग
बीएलओ शिक्षक सर्वेश कुमार गंगवार की मौत की सूचना पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। सपा जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप और महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि एसआईआर की कार्यप्रणाली के अत्यधिक दबाव और तनाव के कारण शिक्षक की मौत हुई है। प्रदेश सरकार से मांग की कि पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाए। आश्रितों को सरकारी नौकरी देने के साथ ही एसआईआर की समय सीमा छह माह की जाए। सपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, इं. अनीस अहमद, सुरेंद्र सोनकर, सचिन आनंद, संजीव कश्यप सहित अन्य लोग मौजूद रहे। 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें