उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नवाबगंज के गांव जरेली में पति-पत्नी के बीच सुलह के लिए बुलाई गई पंचायत के बेनतीजा रहने के बाद पति ने अपने भाइयों और बहनोई के साथ पत्नी के परिवार के लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में पत्नी के पिता और बीडीसी सदस्य ताऊ की मौत हो गई। गोली लगने से मां समेत दस और लोग भी घायल हो गए। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपियों को पुलिस की टीमें तलाश कर रही हैं। नवाबगंज के गांव जरेली में रहने वाले हैदर अली ने अपनी बेटी शमा परवीन का निकाह तीन साल पहले गांव के ही अजहर अली से किया था। अजहर और शमा के बीच शादी के बाद से ही अनबन चल रही थी। करीब साल भर से शमा मायके में रह रही थी। कई बार पंचायत के बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद नहीं निपटा। आठ दिन पहले ही शमा अपनी ससुराल पहुंची थी। बताया जा रहा है कि ससुराल में शमा के साथ फिर मारपीट होने लगी तो शनिवार दोपहर गांव के पूर्व प्रधान बाबू अली के घर दोनों पक्ष पंचायत करने बैठे। पंचायत में शमा के पिता हैदर अली, उनके बड़े भाई बीडीसी सदस्य गुलशन अली और मां हुनका बानो समेत परिवार के करीब दर्जन भर सदस्य थे।
Trending Videos
विज्ञापन
2 of 6
जरेली हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला।
दूसरे पक्ष से शमा का पति अजहर अली, उसके भाई सरवर अली, मुंतजर अली और बहनोई कलीम था। पंचायत में आरोप-प्रत्यारोप के बाद विवाद होने लगा तो अजहर और कलीम पंचायत छोड़कर निकल गए। इसके बाद पंचायत बगैर किसी फैसले के ही खत्म हो गई। पूर्व प्रधान के घर के उत्तरी दरवाजे से शमा और दक्षिणी गेट से अजहर पक्ष के लोग निकले।
विज्ञापन
3 of 6
बरेली हत्याकांड
- फोटो : अमर उजाला।
शमा के परिवार के लोग जैसे ही अजहर के घर के पास पहुंचे, वहां घात लगाकर बैठे अजहर, सरवर, मुंतजर और कलीम ने तमंचों से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से शमा के पिता 55 वर्षीय हैदर अली और उनके बड़े भाई बीडीसी सदस्य 60 वर्षीय गुलशन अली की मौके पर ही मौत हो गई। शमा की मां हुनका बानो, चाची शबीना, नफजर अली, सुल्तान अली, शकील, अनवर अली, शफी हैदर, फरमान हैदर, आशिक अली और मुजस्सर अली भी गोलियां लगने से घायल हो गए।
4 of 6
मृतक गुलशन अली का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद आरोपी फरार हो गए। आनन-फानन घायलों को अस्पताल ले जाया गया जहां से सात को गंभीर हालत होने की वजह से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गांव में भारी तनाव के बीच पीएसी तैनात कर दी गई है। शाम को एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल भी मौका मुआयना करने पहुंचे। दोनों अफसरों ने पुलिस को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पांच लोगों ने फायरिंग की थी जिसमें दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। कुछ लोग छर्रे लगने से घायल हुए हैं। घटना की रिपोर्ट दर्ज कराकर आरोपियों की तलाश कराई जा रही है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
विज्ञापन
5 of 6
मृतक हैदर अली का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला।
मेरी तो दुनिया उजड़ गई.. न घर बचा न पिता
वारदात के बाद हैदर अली की बेटी और अजहर अली की पत्नी शमा परवीन बदहवास हो गई है। वह रो-रोकर कह रही है कि उसकी दुनिया ही उजड़ गई, न घर बचा और न ही पिता। तीन साल पहले हुई शादी के बाद लगातार अनबन के बावजूद शमा परवीन चाहती थी कि उसका घर बचा रहे। करीब सप्ताह भर पहले उसने अपनी बेटी एक वर्षीय आयत को मायके भेज दिया था लेकिन ससुराल वाले शनिवार सुबह उसे जाकर अपने साथ ले आए।
वारदात के बाद आरोपी आयत को भी अपने साथ ले गए। बदहवास शमा ने कहा कि उसकी दुनिया ही उजड़ गई। पिता को उसके पति ने मार डाला, न तो उसका ये घर बचा और न ही वह घर बचा। आशंका जताई कि ससुराल वाले उसकी भी हत्या कर देते लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर वह पिछले दरवाजे से निकलकर खेतों से होते हुए अपने मायके पहुंच गई।