सामाजिक कार्यकर्ता मैग्सेसे पुरस्कार से सम्मानित संदीप पांडेय और उनके साथियों को शनिवार सुबह वाराणसी कैंट स्टेशन पर पुलिस ने हिरासत में लिया। वो आजमगढ़ जिले में मंदुरी हवाई अड्डा विस्तारीकरण के विरोध में कचहरी स्थित अंबेडकर चौराहे से निकाली जाने वाली किसान पद यात्रा को नेतृत्व करने वाले थे। पुलिस ने पदयात्रा की अनुमति न होने, धारा-144 लागू होने और कोविड प्रोटोकॉल का हवाला देकर डॉ. संदीप और उनके साथियों को वाराणसी में रोका। कई घंटे तक पुलिस लाइन स्थित गेस्ट हाउस में रखे जाने के बाद संदीप पांडेय को लेकर पुलिस लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
डॉ. संदीप पांडेय ने कहा कि आजमगढ़ में मंदुरी हवाई अड्डा विस्तारीकरण के विरोध में बीते 73 दिन से आंदोलन चल रहा है। इस आंदोलन में मेधा पाटकर और राकेश टिकैत लोग भी शामिल हो चुके हैं। आज पता नहीं पुलिस ने हमें क्यों रोक लिया। बताया गया है कि लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था बिगड़ जाएगी।