अमरोहा के रजबपुर थाना क्षेत्र के दादूपुर गांव में कक्षा 12 के छात्र पुनीत (19) की धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। उसका शव गांव से 100 मीटर दूर स्थित एक खेत पर ट्यूबवेल के पास पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। एसपी आदित्य लांग्हे, एएसपी राजीव कुमार सिंह और सीओ अरुण कुमार ने भी मौका मुआयना किया। डॉग स्क्वाड और फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने मौके पर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। गांव में किसान राजपाल सिंह का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी संतोष देवी के अलावा दो बेटे सुमित और पुनीत हैं। छोटा बेटा पुनीत पास के गांव फतेई भूड़ स्थित चंद्रभान सिंह इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था।