कर सकते हैं ऑनलाइन नामांकन
निर्वाचन आयोग की ओर से इस बार ऑनलाइन नामांकन की भी सुविधा दी गई है। प्रत्याशी सुविधा एप के माध्यम से ऑनलाइन नामांकन कर सकेंगे लेकिन उसकी प्रिंट कॉपी आरओ के पास भी जमा करनी होगी। हलफनामा भी ऑनलाइन अपलोड करने के साथ आरओ के पास जमा करना होगा। ‘पे’ लिंक की मदद से जमानत राशि की जमा की जा सकेगी। नकद तथा ट्रेजरी चालान के माध्यम से भी जमानत राशि जमा की जा सकेगी।
जुलूस निकालने की नहीं होगी अनुमति
प्रत्याशियों को नामांकन जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। ऐसा करना आचार संहिता के उल्लंघन में आएगा। नामांकन के दौरान कोविड प्रोटोकाल का भी पालन करना होगा।
कराई जाएगी वीडियोग्राफी
नामांकन की पूरी प्रक्रिया पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। वीडियोग्राफी नामाकंन स्थल परिसर के बाहर से ही शुरू हो जाएगी। इसके लिए प्रशासन की ओर से वीडियोग्राफर नियुक्त किए गए हैं।
मतदान के प्रति किया जागरूक
स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को सलोरी, छोटा बघाड़ा आदि स्थानों पर मतदाता जागरूक अभियान चलाया गया। इस दौरान वक्ताओं ने एक-एक वोट के महत्व को बताया। साथ ही सभी से मतदान में हिस्सा लेने की अपील की। इस दौरान श्रद्धा सिन्हा, अनुपम परिहार, एकता शुक्ला, डॉ.राकेश कुमार पांडेय, शेषनाथ सिंह आदि मौजूद रहे।