यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम में सर्वाधिक छात्र-छात्राओं की सफलता के मामले में इस बार भदोही और लखनऊ का दबदबा है। 10वीं में प्रदेशभर के 75 जिलों में से भदोही के सर्वाधिक छात्र-छात्राओं को सफलता मिली है। 12वीं में राजधानी लखनऊ के परीक्षार्थी आगे रहे। वैसे तो हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत परीक्षार्थियों को सफलता मिली है लेकिन भदोही के 95.78 प्रतिशत परीक्षार्थियों ने बाजी मारी है।
इसी तरह इंटर में ओवरऑल उत्तीर्ण प्रतिशत 80.38 फीसदी रहा, लेकिन लखनऊ के 89.17 फीसदी परीक्षार्थियों को सफलता मिली। पिछले वर्ष 2025 में हाईस्कूल में आगरा सूबे में अव्वल था। इंटर में अमेठी में सबसे अधिक छात्र-छात्राएं पास हुए थे। इस वर्ष आगरा सूबे में दूसरे स्थान पर पहुंच गया। हालांकि, दूसरे स्थान पर होने के बावजूद आगरा का उत्तीर्ण प्रतिशत 2025 के मुकाबले अधिक रहा। वर्ष 2025 में आगरा में 94.99 फीसदी परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।
इस बार यहां का उत्तीर्ण प्रतिशत 95.40 फीसदी रहा। इसी तरह इंटर में पिछले वर्ष अमेठी नंबर एक पर था। तब वहां 92.65 फीसदी परीक्षार्थी पास हुए थे। इस बार लखनऊ का उत्तीर्ण प्रतिशत 89.17 फीसदी रहा। खास बात यह रही कि इंटर में इस बार किसी भी जिले का उत्तीर्ण प्रतिशत 90 फीसदी को पार नहीं कर सका, जबकि 2025 में अमेठी एवं अमरोहा का उत्तीर्ण प्रतिशत 90 फीसदी के ऊपर था। इस बार अमेठी दूसरे एवं अमरोहा तीसरे स्थान पर रहा।