यादगारे हुसैनिया इंटर कॉलेज से वोट डालकर वापस लौटती महिला।
- फोटो : अमर उजाला।
शहर दक्षिणी में भाजपा और गठबंधन के बीच आमने-सामने की लड़ाई रही। मुट्ठीगंज, कीडगंज के बूथों पर कमल खिलता रहा, तो करेली के चेतना गर्ल्स इंटर कॉलेज, यूनिटी पब्लिक स्कूल, सहारा इंटर कॉलेज और लेखपाल संघ के बूथ पर पंजे का जोर रहा। यहां भाजपा और गठबंधन के बीच कांटे की लड़ाई है।
सुबह आठ बजे एसएस खन्ना गर्ल्स डिग्री कॉलेज के बूथ पर पहली बार मतदान के लिए पहुंचीं मांडवी ने सुशासन और सुरक्षा के सवाल पर मतदान किया, तो जागृति ने देश को समृद्ध और सुरक्षित बनाने वाले को वोट दिया। इसी तरह डीएवी के बूथ पर उर्मिला ने नारी सुरक्षा को सबसे अहम बताया गया। कहा कि इसी आधार पर उन्होंने अपना मतदान किया है। जबकि विदुषी ने बेरोजगारी और महंगाई के सवाल पर मतदान किया।
इसी तरह करेली में चेतना गर्ल्स इंटर कॉलेज के बूथ पर अशफाक का कहना था कि जनता महंगाई से परेशान है। इसलिए उन्होंने गठबंधन के पक्ष में मतदान किया। इसी तरह चौक के यादगारे हुसैनी इंटर कॉलेज, मजीदिया इंटर कॉलेज, सहारा इंटर कॉलेज और यूनिटी के बूथों पर मुस्लिम मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जबकि, लोकनाथ में भारती भवन के बूथ पर सन्नाटा छाया रहा। इसी तरह बहादुरगंज और ईसीसी, महिला सेवा सदन के बूथों पर भी मतदान फीका रहा।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में शहर दक्षिणी सीट पर भाजपा को जीत मिली थी। यहां से तब मौजूदा औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने जीत का परचम लहराया था। इस विधानसभा सीट पर ब्राह्मण, वैश्य और मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या है। यह सीट वीआईपी भी मानी जाती रही है।
मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक होने के बाद भी लगभग पिछले तीन दशक से यहां भाजपा कब्जा जमाती रही है। इस विस सीट से भाजपा के वरिष्ठ नेता केसरीनाथ त्रिपाठी छह बार लड़े थे, जिसमें उन्होंने पांच बार जीत हासिल की थी। यहां 1989 में त्रिपाठी ने कांग्रेस के सतीश चंद्र जायसवाल को हराया था। वहीं इसी के बाद से बीजेपी के लिए यह सीट गढ़ बन गई।
हालांकि 2007 में केसरीनाथ त्रिपाठी छठवीं बार विधायक के तौर पर जीत नहीं दर्ज कर सके थे। तब नंदी ने उन्हें हरा दिया था। इस बार भी भाजपा को दक्षिणी पर भरोसा है। कहा जा रहा है कि दक्षिणी ने साथ दिया तो यहां भाजपा हैट्रिक लगा सकती है। इलाहाबाद लोकसभा सीट से केशरी नाथ त्रिपाठी के पुत्र नीरज त्रिपाठी को यहीं भी इस बार कड़ी टक्कर मिली है।