prayagraj news
- फोटो : prayagraj
कोरोना वायरस के बढ़ते खतरों के बीच शहरियों की तरफ से भी एहतियात बरते जा रहे हैं तथा बृहस्पतिवार को सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा लेकिन बैंकों, सार्वजनिक वाहनों, सरकारी कार्यालयों में अब भी भीड़ बनी हुई है। इससे बीमारी के फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे स्थानाें पर सेनेटाइजेशन के तो दावे किए किए जा रहे हैं लेकिन जगह-जगह से एकत्रित हुए लोगों के बीच एक मीटर का फासला तो एक-दूसरे से टच होने से भी खुद को नहीं बचा पा रहे।
एसबीआई ही नहीं पीएनबी, इलाहाबाद बैंक समेत अन्य बैंकों की शाखाओं में भी ग्राहकों की कतार लगी रही। ज्यादातर शाखाओं में बुधवार को सेनेटाइजर, मास्क आदि उपलब्ध कराए गए। इससे कर्मचारियों में राहत है लेकिन परिसर की नियमित सफाई नहीं होने से उनमें नाराजगी भी रही। कर्मचारियों का कहना था कि बैंक में हर तरह के लोग आते हैं।
इसे ध्यान में रखकर आरबीआई की भी गाइडलाइन है कि हर दो से तीन घंटे में परिसर को सेनेटाइज किया जाए लेकिन सिर्फ सुबह सफाई होती है। यही स्थिति ज्यादातर सरकारी कार्यालयों में भी रही। ज्यादातर गतिविधियां ठप होने के बावजूद कलक्ट्रेट, विकास भवन, नगर निगम, रजिस्ट्री ऑफिस आदि परिसर में लोगों की आवाजाही बनी रही तथा कई जगहों पर लोग झुंड बनाकर खड़े रहे।