फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज में 59 दिन बाद खुलीं दुकानें, खिल गए व्यापारियों के चेहरे, कुछ इस तरह दिखा शहर,

Thu, 21 May 2020 01:00 AM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
1 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj
22 मार्च को जनता कर्फ्यू के बाद से लगे लॉकडाउन के बीच 59 दिन बाद शहर के बाजार की रौनक बुधवार को लौटी। तीन प्रमुख बाजार कटरा, सुलेम सराय (प्रीतमनगर, मुंडेरा, धूमनगंज) एवं सिविल लाइंस की तमाम दुकानों के शटर उठे तो कारोबारियों के चेहरे खिल गए।

इस बीच चौक क्षेत्र के अलावा शहर के तमाम इलाकों में मिठाई, फर्नीचर, इलेक्ट्रानिक्स गुड्स, मोबाइल आदि की दुकानें भी खुलीं। हालांकि, पहले तमाम दुकानों पर लॉकडाउन- 4 की वजह से ग्राहकों की भीड़ तो कम जुटी, लेकिन कारोबारियों ने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में शहर का बाजार पहले की तरह जरूर मुस्कराएगा। 

जिला प्रशासन और व्यापारिक संगठन के पदाधिकारियों की मंगलवार को हुई बैठक में ही तय हुआ था कि जिले में ट्रायल के तौर पर तीन बाजार ही खोले जा रहे हैं। इसमें सैलून, स्पा, पार्लर, टेलर एवं फुटवियर की दुकानें नहीं खुलेंगी। शहर में दुकानों को खोले जाने का रोस्टर भी व्यापारियों की मौजूदगी में तय हुआ। बुधवार को मोबाइल शॉप, क्राकरी, बर्तन, ड्राई क्लीनर्स, स्पोर्ट्स एवं गिफ्ट की दुकानें खुलीं।

इसके अलावा हार्डवेयर, पेंट, सेनेटरी, लोहे की दुकान, इलेक्ट्रानिक्स एवं इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोबाइल, ऑटो पार्ट्स, टायर-टयूब , टिंबर स्टोर, चश्मे की दुकान, फर्नीचर, ज्वेलरी एवं मिठाई आदि की दुकानें भी खुलीं। अधिकांश दुकानदारों से सोशल डिस्टेंसिंग का भी ख्याल रखा। 
विज्ञापन

2 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj

बंदी के 60वें दिन मुंह मीठा किया

शहर में 59 दिन की बंदी के बाद 60वें दिन मिठाई की दुकानें खुलीं तो लोगों से रहा नहीं गया। मिठाई खरीदी और रोक के बाद कुछ लोगों ने दुकान में ही मुंह मीठा किया। हालांकि, शहर के बड़े मिठाई के कारोबारियों ने सोशल डिस्टेंशिंग का पूरा ख्याल रखा। सिविल लाइंस स्थित कामधेनु स्वीट के अंदर किसी को प्रवेश ही नहीं करने दिया गया। इसके प्रोपराइटर इंदर मध्यान ने बताया कि जिला प्रशासन ने जो निर्देश दिया है, उसी का पालन किया गया।

इसी तरह कटरा स्थित नेतराम स्वीट्स में भी किसी को अंदर प्रवेश नहीं दिया गया। इसके प्रोपराइटर मयंक अग्रवाल ने बताया कि बंदी की वजह से ज्यादातर कारीगर अपने घर चले गए। इसी वजह से बुधवार को सिर्फ काजू एवं सूखे मेवे की मिठाई बनाने के बाद उसकी बिक्री की गई। कारीगर आने के बाद जलेबी की बिक्री की जाएगी। 
विज्ञापन

3 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj

शोरूम की साफ सफाई में बीता ज्वैलरी कारोबारियों का दिन

चौक क्षेत्र के अलावा शहर के अन्य इलाकों में ज्वैलर्स कारोबारियों ने तकरीबन दो माह के बाद अपनी-अपनी दुकानें खोलीं। कई दिन बाद दुकान खोलने की वजह से कारोबारियों ने बुधवार को कारोबार की बजाय शोरूम एवं दुकान की साफ सफाई पर ही ध्यान दिया। इस बीच तमाम शोरूम पर इक्का दुक्का ग्राहक भी आए। मनमोहन ज्वेल्स सिविल लाइंस के नीरज मेहरोत्रा ने बताया कि कई दिन के बाद शोरूम खोलने का मौका मिला।

इस वजह से साफ सफाई की गई। दुकान में आने वाले हर एक ग्राहक का हाथ सैनिटाइज करने के बाद ही उन्हें दाखिल होने दिया गया। ऐसे ग्राहक जो बिना मास्क के आए उनके लिए मास्क भी मंगवाकर रखा गया। उधर, पीसी ज्वैलर्स के रितुराज ने बताया कि शाम चार बजे तक महज दो ही ग्राहक आए। सिसोदिया ज्वैलर्स के उत्कर्ष सिसोदिया ने बताया कि बुधवार को दुकान की साफ सफाई पर ही ध्यान रहा। 

4 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj

अधिकांश ग्राहकों ने एसी, कूलर ही खरीदा

करोड़ों रुपये का नुकसान झेल चुके शहर का इलेक्ट्रानिक्स बाजार बुधवार को खुला। केके सेल्स सिविल लाइंस के प्रोपराइटर केके श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को जो भी ग्राहक आए उन्होंने एसी, कूलर के बारे में ही पूछताछ की। कुछ ने एसी और कूलर खरीदे भी। जीरोरोड स्थित जीपीएचएस एजेंसी के प्रोपराइटर शशांक जैन ने बताया कि एसी, कूलर की ही पूछ रही।

आशा एंड कंपनी के प्रोपराइटर प्रवीन मालवीय ने बताया कि काफी दिन बाद शोरूम खुला। ग्राहकों को भी बिना मास्क के प्रवेश नहीं दिया गया। शोरूम पर सभी कर्मचारियों ने सामाजिक दूरी का पालन किया। मोबाइल की दुकानों पर भी ग्राहक पहुंचे। एमजी मार्ग स्थित विपिन इंटरप्राइजेज के विपिन गुप्ता ने कहा कि मोबाइल की दुकानें खोली जानी जरूरी थी। क्योंकि वर्तमान समय तमाम लोग वर्क फ्राम होम ही कर रहें है।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
prayagraj news - फोटो : prayagraj

वाहनों की सर्विस के लिए आए लोग, दो पहिया वाहन भी बिके

शहर में तकरीबन दो माह के बाद खुले दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों के शोरूम में बुधवार को वाहन खरीदने वालों के मुकाबले सर्विस करवाने वाले लोग ज्यादा आए। युनाइटेड ऑटोमोबाइल्स के ऋषि गुलाटी ने बताया कि आज वाहनों की सर्विस के लिए लोग ज्यादा आए। कुछ इक्का दुक्का ग्राहक ऐसे भी रहे जिन्होंने नए वाहन के लिए पूछताछ की। इसी तरह कान्हा मोटर्स के प्रोपेराइटर एसआर अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को कुछ दो पहिया वाहन बिके। आने वाले दिनों में उम्मीद है कि प्रयागराज का बाजार एक बार फिर से मुस्कराएगा।

रेस्टोरेंट ने की ऑनलाइन डिलीवरी, टिंबर मार्केट में चहल पहल

शहर के तमाम रेस्टोरेंट संचालकों ने जोमैटो एवं स्वीगी के माध्यम से ऑनलाइन डिलीवरी भी शुरू कर दी। स्टेटमैन रेस्टोरेंट के प्रोपराइटर राशिद ने बताया कि बुधवार को कुछ ग्राहकों ने जोमैटो एवं स्वीगी के माध्यम से बुकिंग की थी। इसी तरह सिविल लाइंस स्थित यश पदम रेस्टोरेंट ने भी ऑनलाइन बुकिंग पर ग्राहकों को दस फीसदी की छूट दी। वहीं शहर के हटिया स्थित टिंबर मार्केट की भी तकरीबन सभी दुकानें बुधवार को खुलीं। टिंबर कारोबारी शौकत अली ने बताया कि बाजार न खुलने की वजह से कारोबारी खासे परेशान थे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें