शहर में सार्वजनिक स्थल पर शराब पीने वालों के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार देर रात अभियान चलाया। मुट्ठीगंज, धूमनगंज, जार्जटाउन समेत विभिन्न क्षेत्रों से पुलिस ने 200 से ज्यादा शराबियों को पकड़ा। कई वाहनों के चालान करने के साथ कई सीज भी किए गए। नवनियुक्त डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य के निर्देश पर पुलिस ने रात करीब 10 बजे से शराबियों के खिलाफ अभियान चलाया। यह अभियान रात दो बजे तक चलता रहा। बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई के साथ संदिग्ध वाहनों की जांच भी की गई।
पुलिस ने कोतवाली, शाहगंज, कैंट, शिवकुटी, करेली, खुल्दाबाद, सिविल लाइंस, धूमनगंज, मुट्ठीगंज, कीडगंज, दारागंज, एयरपोर्ट, पुरामुफ्ती, झूंसी समेत अन्य इलाकों से लगभग 200 शराबियों को पकड़ा। इन्हें थाने ले जाकर इनके खिलाफ कार्रवाई की। सिविल लाइंस पुलिस ने एजी ऑफिस और पीडी टंडन रोड से सबसे ज्यादा 20 शराबियों को पकड़ा। वहीं कोतवाली पुलिस ने चंद्रलोक चौराहा, मानसरोवर चौराहा, मीरगंज के पास 15 लोगों को सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पकड़ा। पुलिस की कार्रवाई से अफरा तफरी मच गई। कई शराबी इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने कुछ इन्हें दौड़ाकर पकड़ा।