अमर उजाला की मुरारी लाल माहेश्वरी वाद-विवाद प्रतियोगिता की जिला स्तर की विजेता रहीं सीएमपी डिग्री कॉलेज, प्रयागराज की छात्रा श्रीयशी ओझा ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भी पहला स्थान अर्जित किया। ‘राजनीतिज्ञों के लिए अधिकतम आयु सीमा होनी ही चाहिए’ विषय पर आयोजित मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भइया राज्य विश्वविद्यालय, प्रयागराज की जोशेका मुखर्जी दूसरे और एमडी पीजी कॉलेज प्रतापगढ़ के ऐश्वर्य पांडेय तीसरे स्थान पर रहे।
यूपीएसआईडी इंडस्ट्रियल एरिया नैनी स्थित यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड रिसर्च (यूसीईआर) के ऑडिटोरियम में शुक्रवार को आयोजित प्रतियोगिता में जय मंगल सिंह शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान, प्रतापगढ़ की ज्योति सिंह एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर महिला महाविद्यालय, फतेहपुर की प्रियंका वर्मा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहे प्रतिभागियों को क्रमश: सात हजार, पांच हजार एवं दो हजार रुपये और सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले दोनों प्रतिभागियों को डेढ-डेढ़ हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। साथ ही उन्हें अमर उजाला ईयर बुक दी गई। प्रतियोगिता में प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़ एवं फतेहपुर के 12 प्रतिभागियों ने शिरकत की। ये सभी इससे पूर्व आयोजित हुई जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता रह चुके हैं।
सभी प्रतिभागियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में तर्कों के साथ अपनी बात रखी। इससे पूर्व निर्णायक मंडल में शामिल रहे इलाहाबाद विश्वविद्यालय में समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष प्रो. आशीष सक्सेना, केंद्रीय प्रत्यक कर मूल्यांकन सलाहकार एवं जीएसटी एडवाइजरी बोर्ड के डॉ. पवन जायसवाल और यूनाइटेड कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एवं रिसर्च की सीनियर फैकल्टी मेंबर डॉ. सुरभि सिन्हा ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। प्रतियोगिता का संचालन आर्य कन्या डिग्री कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंजना त्रिपाठी ने किया। अंत में निर्णायकों ने पुरस्कार वितरित किए।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए मिला मंच
‘अमर उजाला ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए एक बड़ा मंच दिया। कॉलेज के स्तर पर भी इतना बड़ा मौका नहीं मिलता है। ऐसे कार्यक्रम आयोजित होते रहने चाहिए।’ श्रीयशी ओझा
ऐसे प्लेटफॉर्म बहुत कम मिलते हैं
‘अमर उजाला की यह पहल बहुत अच्छी है। युवाओं को ऐसे प्लेटफॉर्म बहुत कम मिल पाते हैं। ऐसे आयोजनों से ज्ञान बढ़ता है, सो इस तरह के कार्यक्रम बार-बार होने चाहिए।’ जोशेका मुखर्जी
मंच के साथ मिला अर्थिक सहयोग
‘अमर उजाला की इस पहल से युवाओं को मंच के साथ आर्थिक सहयोग भी मिला। इसके लिए आभार। इस तरह की पहल युवाओं को एक बड़ा मंच प्रदान करती है।’ ऐश्वर्य पांडेय
‘अमर उजाला को इस अनूठी पहल के लिए शुक्रिया। इस प्रतियोगिता के जरिये युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान किया गया है, जहां वे खुलकर अपने रख रख सकते हैं।’ ज्योति सिंह
इस प्रतियोगिता के माध्यम से हम जैसे युवाओं को अपने मन की बात और विचार प्रस्तुत करने के लिए एक उचित मंच मिला। हम इस पहल का खुले दिन से स्वागत करते हैं।’ प्रियंका वर्मा
पक्ष
- आयु सीमा नहीं लागू हुई तो भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। कोई 65 साल की उम्र में पहली बार सांसद बना तो वह समाजसेवा से ज्यादा भ्रष्टाचार के लिए प्रेरित होगा
- राजनीतिज्ञों के लिए आयु सीमा जरूरी है। अगर ऐसा न होता तो देश को नरेंद्र मोदी जैसे प्रधानमंत्री कैसे मिलते। उनकी जगह किसी वरिष्ठ को यह जिम्मेदारी सौंप दी गई होती
- सेवा का एक मात्र साधन पदासीन रहना ही नहीं है। आप बिना किसी पद पर रहे समाजसेवा कर सकते हैं
- जिस आयु में मस्तिष्क की क्रियाशीलता में कमी आती है, उस वक्त अनुभव का फायदा लेने की बात कही जाती है। यह कैसे हो सकता है
- विज्ञान सलाह देता है कि जब शरीर जर्जर होने लगे तब आराम करना चाहिए
विपक्ष
- राजनीति जनता की सेवा का एक साधन है और सेवा के लिए कोई आयु सीमा नहीं होती है
- अन्ना हजारे, महात्मा गांधी को कैसे भूल सकते हैं। भले ही वे राजनीतिज्ञ न रहे हों लेकिन दोनों ने देश की राजनीति को प्रभावित किया
- युवाओं के जोश और बुजुर्गों के अनुभव से ही देश विकास के पथ पर आगे बढ़ सकता है
- नेलसन मंडेला 72 साल की उम्र में राष्ट्रपति बने तो सरदार पटेल, विस्टन चर्चिल के भी अनुभवों का लाभ उनके देश को मिला
- इमरजेंसी के समय जब युवाओं का आंदोलन विफल हुआ तो अनुभवी जय प्रकाश नारायण ने मोर्चा संभाला और सकार को पटखनी दी
अमर उजाला की ओर से आयोजित श्री मुरारीलाल माहेश्र्वरी स्मृति राष्ट्रीय मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार विजेता प्रयागराज की जोशेका मुखर्जी।
अमर उजाला की ओर से आयोजित श्री मुरारीलाल माहेश्र्वरी स्मृति राष्ट्रीय मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार विजेता प्रतापगढ़ के ऐश्वर्य पांडेय।
अमर उजाला की ओर से आयोजित श्री मुरारीलाल माहेश्र्वरी स्मृति राष्ट्रीय मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार प्राप्त प्रतापगढ़ की ज्योति सिंह।
अमर उजाला की ओर से आयोजित श्री मुरारीलाल माहेश्र्वरी स्मृति राष्ट्रीय मंडलीय वाद विवाद प्रतियोगिता में सांत्वना पुरस्कार प्राप्त फतेपुर की प्रियंका वर्मा।