कोरोना वायरस से शहर के कारोबारियों को औसतन हर रोज 75 करोड़ की चपत लग रही है। सराफा, इलेक्ट्रिकल्स, मोबाइल , होटल व्यवसाय इससे सबसे ज्यादा प्रभावित है। ग्राहक भी बाजार जाने से कतराने लगे हैं।
एक अनुमान के मुताबिक प्रयागराज शहर में हर रोज औसतन 150 करोड़ का कारोबार होता है। जो अब घट कर आधा रह गया है। शाम के वक्त लोगों से भरेे बाजार भी अब खाली ही नजर आने लगे हैं। कारोबारियों का कहना है कि अगर यही हाल रहा तो दुकान का खर्च निकालना भी उनके लिए मुश्किल हो जाएगा।
मोबाइल बाजार में कम हुई 70 फीसदी बिक्री
मोबाइल और एसेसरीज के बाजार में कोरोना वायरस का ज्यादा असर पड़ा है। शहर भर के तमाम बाजारों में स्मार्टफोन और एसेसरीज की बिक्री 80 फीसदी तक कम रह गई है। मोबाइल विक्रेता सिद्धेश मिश्र ने बताया कि बाजार में लोग चाइनीज कंपनी के मोबाइल कम ले रहे हैं। एसेसरीज भी वहीं से आती है, लेकिन बीते तीन माह से एसेसरीज नहीं आ रही है। पावर बैंक, चार्जर, ब्लू टूथ आदि एसेसरीज की आवक कम रह गई है।
रेस्टोरेंट, होटल कारोबार में आई 80 फीसदी तक की गिरावट
प्रयागराज में पिछले कुछ दिनों से होटल एवं रेस्टोरेंट के कारोबार में अप्रत्याशित गिरावट आई है। माघ मेला संपन्न होने के बाद वैसे भी यहां आने वाले लोगों की संख्या कम हो जाती है। रही सही कसर अब कोरोना वायरस के खौफ ने कर दी है। होटल व्यवसायी योगेश गोयल ने बताया कि होटलों के कमरे लगातार खाली होते जा रहे हैं।
रेस्टोरेंट में भी ग्राहक जाने से कतरा रहे हैं। लोग अपने घर से बाहर निकलना ही नहीं चाहते। इस वजह से रेस्टोरेंट कारोबार पर भी खासा असर पड़ा है। एक अनुमान के मुताबिक होली के बाद होटल एवं रेस्टोरेंट कारोबार में तकरीबन 80 फीसदी की गिरावट आई है।
शहर के सराफा बाजार में भी सन्नाटा 0 सराफा कारोबार पर चारों ओर से संकट है। प्रयागराज में सराफा के चार हजार से ज्यादा कारोबारी है। यहां औसतन 40 से 50 करोड़ का कारोबार होता है। लेकिन पिछले कुछ समय से सोना एवं चांदी की बढ़ती कीमत और अब कोरोना ने सराफा कारोबारियों को बैक फुट पर ला दिया है। बच्चा जी ज्वैलर्स के अमिताभ टंडन ने बताया कि इस समय बाजार से ग्राहक एकदम गायब हो गए हैं।
कैट प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र गोयल का कहना है कि सराफा बाजार में पिछले काफी दिनों से रौनक गायब है। अब कोरोना की वजह से तमाम दुकानों में दिन भर में गिनती भर लोगों की ही आवाजाही हो रही है। इलेक्ट्रानिक्स बाजार से भी गायब हुई रौनक 0 इलेक्ट्रानिक्स सामानों की बिक्री भी इन दिनों काफी कम हो गई है। सुलेम सराय के कंप्यूटर एवं लैपटाप विक्रेता धनंजय सिंह ने बताया कि कंप्यूटर व्यवसाय पर कोरोना की बड़ी चोट पड़ी है।
लोग बाहर निकल ही नहीं रहे हैं। कहा कि अगर यही हाल रहा तो शोरूम का खर्च निकालना भी मुश्किल हो जाएगा। लकी ट्रेडर्स राजरूपपुर के अखिलेश सिंह ने बताया कि होली बाद फ्रिज, एसी आदि की बिक्री में तेजी आती है, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। कंपनियों ने डीलरों को माल तो भेज दिया, लेकिन बाजार से खरीदार गायब है।