दिवाली पर खुल्दाबाद में मां महाकाली का पूजन करते भक्त।
- फोटो : अमर उजाला
पंडालों में महाकाली की आराधना, विश्व शांति की पुकार
दीपावली पर शहर में दर्जनभर से अधिक स्थानों पर पंडालों में मां काली की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा कर विश्व शांति के लिए आराधना की गई। पुष्पांजलि के बाद धुनुचि नृत्य और शंखध्वनि से मां काली की स्तुति की गई। मां काली की झांकियों के दर्शन के लिए शाम को भीड़ लगी रही।
दुर्गा पूजा बारवारियों की ओर से पंडालों में मां काली की प्रतिमाएं प्रतिष्ठापित की गईं। कटरा स्थित मनमोहन पार्क के पास मां काली के मंदिर में काली की झांकी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। महाकाली मंदिर समिति की ओर से भव्य सजावट की गई। बादशाही मंडी स्थित नारायण सिंह नगर में मां सिद्धेश्वरी काली मंदिर में भव्य काली पूजनोत्सव में भक्त शामिल हुए।
राजरूपपुर स्थित सर्व सिद्ध पुरातन कालीबाड़ी ट्रस्ट की ओर से शाम 7:30 बजे संध्या आरती से काली पूजा आरंभ हुई। रात एक बजे 106 दीप जलाए गए। आधी रात के बाद पुष्पांजलि के बाद महाआरती हुई। सिटी बारवारी, जानसेनगंज, दारागंज, राजरूपुर, बैरहना, मुट्ठीगंज कालीबाड़ी में काली पूजा की गई।