कोरोना वायरस
- फोटो : एएनआई
दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल होकर यहां आए सात इंडोनेशियाई समेत 11 लोगों में से तीन लोगों की जांच रिपोर्ट तीन दिन के बाद भी नहीं आई है। इसको लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। जांच के लिए फिर से नमूना भेजने की बात भी सामने आ रही है। उधर, शनिवार को एक और कोरोना संदिग्ध मिला, जांच के लिए उसका नमूना बीएचयू भेजा गया है। इसकी रिपोर्ट रविवार को आएगी।
तीन विदेशी नागरिकों की रिपोर्ट को शनिवार शाम तक भी नहीं आई है। वहीं जानकारों का मानना है कि जांच में पांच से छह घंटे का समय लगता है। आठ लोगों की रिपोर्ट आ गई है, लेकिन तीन की रिपोर्ट न आने का क्या कारण हो सकता है। हालांकि, विभाग के सभी जिम्मेदार अफसर इस बारे में बोलने से बचते रहे। विभाग के सूत्र बताते हैं कि तीनों विदेशी नागरिकों में कोरोना की संभावना ज्यादा नजर आ रही है, इसलिए उनके नमूने फिर से जांच को भेजे गए हैं। उनके जांच के नमूने केजीएमयू से पुणे स्थित लैब में भेजे जाएंगे। हालांकि, सीएमओ की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
सीएमओ मेजर डॉ. डीएम बाजपेयी के अनुसार शनिवार कोरोना की जांच के लिए एक नमूना बीएचयू भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। उधर, शनिवार को एसआरएन और चिल्ड्रेन अस्पताल की कोरोना ओपीडी में कोई संदिग्ध नहीं आया। स्वरूपरानी की ओपीडी में 80 से अधिक मरीज पहुंचे थे। लेकिन चिकित्सकों के मुताबिक किसी में भी संक्रमण नहीं मिला।