जिला प्रशासन ने लॉकडाउन की वजह से दाल, आटा, आलू, प्याज आदि का फुटकर में दाम निर्धारित कर रखा है लेकिन, शहर के कुछ थोक कारोबारियों ने प्रशासन के आदेश को दरकिनार कर दिया है। प्रशासन ने अरहर दाल का दाम थोक में 82 रुपये फिक्स कर रखा है लेकिन, बीते कुछ रोज से शहर की थोक मंडियों में दाल का दाम कारोबारियों ने 86 से 88 रुपये कर दिया है। इस वजह से मजबूरी में फुटकर कारोबारियों ने भी दाल के दाम बढ़ा दिए हैं।
लॉकडाउन लगने के बाद ही जिला प्रशासन के अफसरों ने खाद्य सामग्री, फल, सब्जी आदि सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आवश्यक वस्तुओं के थोक एवं फुटकर व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर आवश्यक वस्तुओं के थोक एवं फुटकर के दाम निर्धारित किए। कुछ दिन थोक बाजार में जिला प्रशासन के रेट के अनुसार ही कारोबार हुआ लेकिन, बीते कुछ दिनों से दाल का दाम थोक कारोबारियों ने बढ़ा दिया।