कुम्भ मेला में मौनी अमावस्या के दिन संगम नोज पर एक 14 वर्षीय किशोर स्नान के बाद बेहोश हो गया और काफी समय तक होश में नहीं आया। घटना मंगलवार को सुबह करीब 8.30 बजे की है। बेहोश हुए 14 वर्षीय बालक की पहचान पवन परिहार पुत्र पहलवान परिहार निवासी चौकी नहारौनी जिला झांसी के रूप में हुई। घटना की सूचना मेला कंट्रोल रूम प्रयागराज से संगम नोज पर तैनात एनडीआरएफ की मेडिकल टीम को दी गयी। सूचना पाकर एनडीआरएफ की मेडिकल टीम के कुशल पैरामेडिक्स घटनास्थल पर पहुंचे और बेहोश हुए बालक की जांच की। जांच के वक्त किशोर की नब्ज, दिल की धड़कन और रक्तसंचार काफी कम थी। ऐसे में एनडीआरएफ की मेडिकल टीम ने तुरंत सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रेससीटेशन) देकर होश में लाया।