फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: जूस वाले के पैनकार्ड पर बनी फर्म... पंजाब चुनाव के लिए भेजी थी रकम, अब मिला इतने करोड़ का नोटिस; सब हैरान

Thu, 27 Mar 2025 01:47 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़

सार

Fake Firm Scam In Aligarh: अलीगढ़ में जूस बेचने वाले को इनकम टैक्स का 7.79 करोड़ का नोटिस मिला है। जूस वाले के पैनकार्ड पर बनी फर्म से 2022 में विधान सभा चुनाव के दौरान जिला फतेहगढ़ साहिब में सवा करोड़ रुपये पकड़े गए थे। जुलाई से दिसंबर 2020 तक फर्म के नाम पर 7.79 करोड़ रुपये का कारोबार किया गया।
विज्ञापन
1 of 7
Aligarh Juice Seller - फोटो : अमर उजाला
Aligarh Scam News: अलीगढ़ में ठेला लगाकर जूस बेचने वाले रईस को मिले 7.79 करोड़ रुपये के आयकर नोटिस के मामले में चौकाने वाला खुलासा हुआ है। 2022 में पंजाब में विधान सभा चुनाव के दौरान जिला फतेहगढ़ साहिब में सवा करोड़ रुपये पकड़े गए थे। आयकर विभाग ने जांच की तो अलीगढ़ में रईस के पैनकार्ड पर बनी बोगस फर्म खान ट्रेडर्स के नाम से यह नकदी भेजी गई थी। माना जा रहा है कि इसका इस्तेमाल पंजाब चुनाव में किया जाना था।

दरअसल, फतेहगढ़ पंजाब में बड़ी नकदी पकड़े जाने की जांच शुरू हुई तो इसके तार अलीगढ़ से जुड़ते नजर आए। रईस के पैन कार्ड पर सन 2020 में खान ट्रेडर्स के नाम पर अलीगढ़ में एक फर्म जीएसटी में पंजीकृत कराई गई थी। इस फर्म ने उस साल जुलाई से लेकर दिसंबर 2020 तक करीब आठ करोड़ रुपये का लेनदेन किया और इसके बाद यह फर्म बंद कर दी गई।

हल्ला तक मचा जब 22 मार्च 2025 को सराय रहमान निवासी जूस विक्रेता रईस के यहां पर आयकर विभाग का नोटिस पहुंचा। अब इस मामले की जांच आयकर विभाग के अलावा, पंजाब चुनाव आयोग भी कर रहा है। आयोग को आशंका है कि इस चुनाव में धनबल का प्रयोग न हुआ हो। जीएसटी ने भी इस संबंध में जांच शुरू कर दी है।
 
विज्ञापन

2 of 7
नोटिस दिखाता जूस वाला - फोटो : अमर उजाला
आयकर विभाग के मुताबिक पंजाब के जिला फतेहगढ़ साहिब में चुनाव के दौरान एक गाड़ी से सवा करोड़ का कैश बरामद हुआ था। इसकी सूचना वहां की पुलिस ने पंजाब आयकर विभाग शाखा को दी। विभाग ने जांच की तो पाया कि यह कैश एक ऐसी कंपनी का था जो जांच में बोगस पाई गई। इस बोगस कंपनी में ही रईस का पैन कार्ड लगा हुआ पाया गया। 

आयकर विभाग ने कंपनी का जब अन्य लेनदेन संबंधी विवरण खंगाला गया तो रकम बढ़ती गई। पंजाब आयकर विभाग ने इस मामले को अपने विभागीय पोर्टल पर फ्लैग (पोर्टल पर जांच का एक हिस्सा विवरण के साथ अपलोड करना) कर दिया। इस विवरण का अलीगढ़ आयकर विभाग की संबंधित शाखा ने संज्ञान ले लिया। पैन कार्ड में दर्ज पते के आधार पर रईस को नोटिस जारी कर दिया।
 
विज्ञापन

3 of 7
जूस बेचने वाले को इनकम टैक्स का नोटिस - फोटो : अमर उजाला
इस तरह घटा पूरा घटनाक्रम
- 17 जनवरी 2022 में पंजाब में विधानसभा चुनाव चल रहा था। इस दौरान पुलिस ने एक गाड़ी को रोका। उसमें से 1.12 करोड़ रुपये कैश मिला। इसमें मंडी गोबिंदगढ़ के दीपक शर्मा का नाम सामने आया। (आयकर के नोटिस में दर्ज है नाम )
-18 जनवरी 2022 को वहां के आयकर विभाग ने कैश की जांच शुरू की तो वह एक बोगस कंपनी से जुड़ा पाया। इस कंपनी में रईस का पैन कार्ड लगा हुआ था। इस कंपनी से 7.54 करोड़ रुपये की बिक्री किसी गुरुप्रीत सिंह को होनी दिखाई गई थी। साथ ही 2.99 लाख रुपये की बिक्री भी गुरुप्रीत सिंह को थी।
- 19 जनवरी 2022 को रईस के पैन कार्ड नंबर की राज्य एवं वस्तु सेवा कर के पोर्टल पर और विभाग के माध्यम से जांच कराई गई। इसमें पाया गया कि जुलाई 2020 में खान ट्रेडर्स के नाम से अलीगढ़ में जीएसटी फर्म का भी पंजीकरण है। इस फर्म का पता तार वाली गली, सराय रहमान, बन्ना देवी, अलीगढ़ है। छह महीने में आठ करोड़ का लेनदेन करने के बाद दिसंबर 2020 में फर्म बंद कर दी गई।
-22 मार्च 2025 - आयकर विभाग ने अपनी पूरी छानबीन करने के बाद रईस के पैनकार्ड के पते के आधार पर उसे 7.89 करोड़ रुपये का नोटिस भेज दिया।
 

4 of 7
जूस बेचने वाले को इनकम टैक्स का नोटिस - फोटो : अमर उजाला
पुलिस और आयकर अलग-अलग काम करेंगे
7.79 करोड़ रुपये के नोटिस के मामले में आयकर निरीक्षक नेम सिंह कहते हैं कि इस मामले में दो अलग-अलग दिशाओं में कार्रवाई चलेगी। आयकर विभाग अपने नियमों के अनुसार पेनाल्टी वसूली की प्रक्रिया पूरी करेगा। जबकि अगर दस्तावेजों का दुरुपयोग हुआ है तो कानून उसमें अपना काम करेगा। आयकर विभाग के समक्ष रईस पर प्रथम अपील, दूसरी अपील और मुख्य आयकर अधिकारी आगरा के समक्ष तृतीय अपील कर सकेगा। अगर मुकदमा दर्ज होने के बाद जांच उसके पक्ष में जाती है तो विभाग की ओर से भी कुछ राहत मिल सकती है।
विज्ञापन

5 of 7
जूस वाले का परिवार - फोटो : अमर उजाला
तीन साल में 90 बोगस कंपनियां सामने आईं
पिछले तीन वर्षों में बोगस कंपनियों के 90 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। जिनमें विभागीय जांच और प्रक्रिया चल रही है।

जीएसटी अधिकारी बोले
जब किसी व्यापारी का जीएसटी में पंजीयन होता है तो पैनकार्ड व अन्य दस्तावेज के साथ उसका मोबाइल नंबर भी लगता है। हर लेनदेन का मेसेज फर्म स्वामी पर जाता है। इस मामले में गहराई से जांच की जा रही है। हर पहलू से जांच होगी। - एस एस तिवारी, एडिशनल कमिश्नर, राज्य एवं वस्तु सेवा कर विभाग
 
विज्ञापन

6 of 7
जूस वाले का घर - फोटो : अमर उजाला
मास्टरमाइंड दीपक शर्मा को तलाश करना होगा चुनौती
जूस वाले को 7.79 करोड़ रुपये के नोटिस के मामले में एक नाम दीपक शर्मा का आ रहा है जो 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद से अब तक अलीगढ़ आता रहा है। यह बात आयकर विभाग में आने वाले कुछ लोगों ने अधिकारियों को बताई। हालांकि विभाग की ओर से अभी इस मामले में जांच कराए जाने की बात कही जा रही है। विभाग से जुड़े लोगों के मुताबिक दीपक शर्मा के विषय में बताया गया कि वह पंजाब के पटियाला का रहने वाला है। कुछ लोगों के दस्तावेज प्रयोग करके उनके खाते उसने पंजाब में खुलवाए हैं। इसके लिए वह उनको 10 से 15 हजार रुपये तक देता है। विभाग के मुताबिक अभी यह सब जांच का विषय है। इसमें पुलिस जांच की भी अहम भूमिका होगी।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
आयकर विभाग - फोटो : अमर उजाला
पूर्व में कचौड़ी वालों को मिले हैं आयकर के नोटिस
पांच साल पहले नई बस्ती स्थित एक कचौड़ी वाले को आयकर विभाग का नोटिस मिला था। उसके दोने गिनकर उसकी आय का आंकलन किया गया था। उस समय भी वह मामला चर्चा में रहा था। अब ताजा मामला जूस विक्रेता का है।

मैंने जूस बेचने के अलावा कोई व्यापार नहीं किया। मेरा व्यापार इतना बड़ा नहीं है कि उसके लिए कोई कंपनी बनाई हो। मैंने आयकर कभी नहीं दिया। मेरी आमदनी इतनी नहीं है। यह नोटिस मिलने के बाद ही मैं पहली बार बिजनेस की इतनी बड़ी-बड़ी बातों को सुन रहा हूं। मेरे साथ बहुत बड़ा धोखा हुआ है। मेरी मां, पत्नी की तबीयत खराब हो गई है। परिवार में सभी लोग परेशान हैं। खाना नहीं खा पा रहे, सो नहीं पा रहे। दिन रात चिंता में हैं कि आगे क्या होगा। पुलिस अधिकारियों से गुहार की है, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। दोषी के पकड़ में आने के बाद ही राहत होगी। - रईस , जूस विक्रेता

यह भी पढ़ें: कातिल दुल्हन पर नया खुलासा: प्रगति की मुंह दिखाई के रुपये और जेवर सुरक्षित, बड़े भाई ने खोला चौंकाने वाला राज
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें