आगरा में 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान में गर्मी से बेहाल लोगों को पानी के लिए शनिवार को भी परेशान होना पड़ा। सूर्य नगर और संजय प्लेस पंपिंग स्टेशन से जलापूर्ति शनिवार की सुबह से शाम तक ठप रही। इस कारण संजय प्लेस सहित 13 इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई। एमजी रोड पर टूटी सीवर और पानी की लाइनों की मरम्मत के कारण जलकल विभाग ने सुबह की सप्लाई बंद रखने की सूचना दी थी, लेकिन मरम्मत का काम पूरा न होने के कारण शाम को भी जलापूर्ति बंद रही।
बाग मुजफ्फर खां, सूर्य नगर, खंदारी, भदावर हाउस के पास, स्वदेशी बीमा नगर, बाग फरजाना, दिल्ली गेट, काले का ताल, रामनगर, वजीरपुरा, घटिया आजम खां, विजय नगर कॉलोनी, गांधी नगर और संजय प्लेस क्षेत्र के 40 हजार से ज्यादा लोगों को पानी नहीं मिल पाया। जलकल के अधिकारियों ने रविवार सुबह जलापूर्ति बहाल कर दिए जाने का दावा किया है।