उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू हो गई। इस बीच दल बदल का दौर भी जारी है। प्रत्याशी जीतने के लिए एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं, लेकिन आगरा जिले में ऐसा भी एक प्रत्याशी है, जो हारने के लिए चुनाव लड़ता है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इस प्रत्याशी की हसरत भी हारने का शतक बनाने की है। नाम है हसनूराम अंबेडकरी।
खेरागढ़ के नगला दूल्हे निवासी 75 साल के हसनूराम अंबेडकरी 94वीं बार निर्दलीय चुनाव लड़ने के लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट में पर्चा लेने पहुंचे। नामांकन के पहले दिन 37 पर्चे बिके। एक किन्नर, दो महिला और 34 पुरुषों ने पर्चे लिए। इनमें हसनूराम अंबेडकरी की कहानी अपने आप में अनूठी है। विभिन्न पदों पर 93 बार चुनाव हारने के बाद भी हसनूराम का हौसला बरकरार है। इसी हौसले के साथ वह एक बार फिर चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।