उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को मथुरा के मांट में समाजवादी पार्टी पर जमकर बरसे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकार के समय जिस पैसे से कब्रिस्तान की बाउंड्री बनाई जाती थी, आज भारतीय जनता पार्टी की सरकार उसी पैसे को तीर्थ क्षेत्रों के विकास के लिए उपयोग कर रही है। पिछली सरकार ने प्रदेश की छवि को धूमिल किया। सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने प्रदेश को दंगों और लूटखसोट की पहचान दी थी। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब कोरोना फैला था तो उस वक्त समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस आइसोलेशन में थी। अब चुनाव आते दिखे तो सभी बाहर निकल पड़े हैं। सुझाव दिया कि सभी विपक्षी पार्टियां आइसोलेशन में ही रहें, क्योंकि सत्ता नहीं मिलने वाली है। भाजपा को डबल इंजन वाली सरकार बताते हुए कहा कि प्रदेश में तेजी से विकास कराए जा रहे हैं। बुधवार को सीएम ने मांट विधानसभा क्षेत्र में 201.16 करोड़ की 196 विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।