आगरा, मथुरा सहित पूरे ब्रज क्षेत्र में सोमवार सुबह बारिश से राहत मिली, तो वहीं आंधी ने लोगों को आफत में डाल दिया। सोमवार सुबह अचानक मौसम बदला, जिसके बाद बारिश हुई। करीब 15 मिनट की आंधी ने मथुरा, एटा, फिरोजाबाद, कासगंज और मैनपुरी में जमकर तक तबाही मचाई। आंधी से बिजली के पोल व पेड़ टूट गए और होर्डिंग उखड़ गए। अलग-अलग जगह हुए हादसों में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। मैनपुरी के बेवर में ऑटो पर होर्डिंग गिरने से एक महिला घायल हो गई। वहीं फिरोजाबाद में एक घर पर पेड़ गिरने से चार लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है। मथुरा के राया थाना क्षेत्र में हाथरस रोड पर रोडवेज बस की छत उड़ गई, जिससे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। हालांकि सभी सुरक्षित हैं। इसके अलावा एटा जिले में सीवर लाइन धंसने से उसमें कार फंस गई।