कोरोना काल में ताजमहल भले ही 188 दिनों तक बंद रहा हो, लेकिन पर्यटकों में इसके दीदार की दीवानगी कम नहीं हुई। यही वजह है कि ताजमहल के सिर एक बार फिर ताज सजा है। कोरोना महामारी के बीच वर्ष 2021-22 में देश में सबसे ज्यादा स्वदेशी सैलानियों ने ताजमहल का दीदार किया। केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में सबसे ज्यादा पर्यटक ताजमहल पर पहुंचे। स्वदेशी सैलानियों में ताजमहल नंबर एक पर रहा तो विदेशी पर्यटकों में मल्लापुरम पहले और ताज दूसरे नंबर पर रहा।
पर्यटन मंत्रालय द्वारा जारी की गई रिपोर्ट में बीते साल ताजमहल पर 32.9 लाख घरेलू पर्यटक पहुंचे, जबकि केवल 38 हजार विदेशी पर्यटक आए। स्वदेशी पर्यटकों को लुभाने में दिल्ली का लाल किला दूसरे और कुतुब मीनार तीसरे नंबर पर रहा। विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन मंत्रालय की रिपोर्ट में बताया गया कि केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में ताजमहल सबसे लोकप्रिय स्मारक है, जो भारतीय सैलानियों में नंबर वन रहा।