संपूर्ण समाधान दिवस में मंगलवार को ग्यासपुरा निवासी 39 वर्षीय विकलांग संजीव अपने तीन बच्चों व पत्नी के साथ बीपीएल कार्ड (गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन करने वालों के लिए) बनवाने के लिए पहुंचे। पूर्ति निरीक्षक से बोले-साहब मैं दो साल से चक्कर लगा रहा हूं। बहुत गरीब और मोहताज हूं। बच्चों का पेट तक नहीं भर पा रहा। कई रात हमें भूखे सोना पड़ता है। मेरा पुराने कार्ड की जगह लाल (बीपीएल) राशन कार्ड बनवा दो। पूर्ति निरीक्षक ने कहा-बीपीएल कार्ड नहीं बनता, अपने आस-पास पता करके आओ कोई बीपीएल कार्ड वाला खत्म हो गया हो तो उसकी जगह तुम्हारा नाम चढ़ा देंगे। बीपीएल कार्ड ऐसे नहीं बनते।
विज्ञापन
2 of 5
संपूर्ण समाधान दिवस में फरियाद लेकर आया संजीव परिवार सहित
- फोटो : अमर उजाला
संजीव ने फिर कहा-मेरी जांच कर लो। मैं विकलांग हूं। जूता फैक्टरी में काम करता हूं। हफ्ते मिलते में 500 रुपये हैं। गुजारा नहीं हो रहा। पत्नी सोनिया बोली-मैं घरों में झाड़ू-पोछा करती हूं...। पूर्ति निरीक्षक ने उनकी दरख्वास्त के पीछे एआरओ का मोबाइल नंबर व पता लिखकर देते हुए कहा-जाओ ईदगाह कार्यालय चले जाओ। संजीव मायूस होकर बच्चों के साथ लौट गया। संजीव की पत्नी सोनिया ने अमर उजाला को बताया कि हम दाने-दाने को मोहताज हैं। पांच हजार रुपये का बिजली का बिल आया है। उसे नहीं भर पा रहे। सुना था बीपीएल कार्ड से मुफ्त राशन व अन्य योजनाओं में लाभ मिलता है इसलिए बीपीएल कार्ड बनवाने को भटक रहे हैं।
विज्ञापन
3 of 5
संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायत सुनते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
86 में से महज चार शिकायतों का निस्तारण
तहसील दिवस में मंगलवार को 86 शिकायतें आईं। इनमें से महज चार का ही मौके पर निस्तारण हो पाया। बाकी 82 शिकायतों के निस्तारण के लिए सात दिन का समय दिया गया है। मौके पर निस्तारित मामलों में मगटई निवासी प्रमोद की शिकायत पर रास्ते से अतिक्रमण हटाया। पंचगई खेड़ा में खेत पैमाइश के लिए टीम भेजी। गोपालपुरा निवासी सरला का जाति प्रमाणपत्र व मनोज का राशन कार्ड बनवाया गया।
4 of 5
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादी
- फोटो : अमर उजाला
संकट: घरों में भर रहा सीवर व नाली का पानी
कलवारी स्थित इंद्रप्रस्थ कॉलोनी से 12 से अधिक महिलाएं तहसील दिवस पहुंची। एसडीएम को बताया कि घरों में सीवर बैक मार रहा है और नाली का गंदा पानी भर रहा है। बहुत बुरे हाल में रह रहे हैं। दिनेश बंसल ने बताया कि तीन बार शिकायत कर चुके, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। महिलाओं ने इस दौरान हंगामा व नारेबाजी करते हुए विरोध भी दर्ज कराया।
समस्या: रेलवे की दीवार से 250 मकानों का रास्ता बंद
यमुनाब्रिज के सुशील नगर से 40 से अधिक लोगों ने बताया कि रेलवे की दीवार खड़ी होने से 250 मकानों का रास्ता बंद हो गया है। हमारे लिए रास्ते की व्यवस्था की जाए। एसडीएम ने नगर निगम को जांच के निर्देश दिए हैं।
शिकायत: ट्रांसफार्मर चोरी, 40 दिन से बिजली नहीं
पंचगई खेड़ा स्थित दारिका रेजीडेंसी निवासी उमेश चंद्र दीक्षित ने बताया कि 40 दिन पहले कॉलोनी से ट्रांसफार्मर चोरी हो गया। बिजली नहीं है। क्षेत्र चोर सक्रिय हैं। बिजली विभाग को बार-बार कहने पर भी ट्रांसफार्मर नहीं रखा गया। एसडीएम ने एक्सईएन विद्युत को जांच के निर्देश दिए हैं।