आगरा में ग्वालियर हाईवे स्थित नगला माकरोल पर गुरुवार रात दो बजे तेज रफ्तार कैंटर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया। हादसे में कैंटर में सवार खंदौली निवासी सिपाही सतपाल सिंह की पत्नी आंचल और छह साल के बेटे अंशु की मौत हो गई, जबकि सिपाही को भी चोट लगी हैं। मलपुरा पुलिस ने घायल सिपाही और कैंटर चालक को अस्पताल में भर्ती कराया। सिपाही ललितपुर से कैंटर में सामान लादकर अपने घर जा रहे थे। कैंटर में सिपाही की पत्नी आंचल और बेटा तीन घंटे तक फंसे रहे। जब तक उन्हें बाहर निकाला गया, तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।
सतपाल सिंह खंदौली के नगला अर्जुन के रहने वाले हैं। वह ललितपुर में तैनात हैं। गुरुवार को वो ललितपुर से अपनी पत्नी आंचल और छह वर्षीय बेटे अंशु के साथ घर आ रहे थे। कैंटर में उनका सामान भी था। रात तकरीबन दो बजे ग्वालियर हाईवे स्थित नगला माकरोल के पास कैंटर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गया।