मैनपुरी जिले में पुलिस ने धरपकड़ अभियान चलाकर 12 घंटे में 30 वाहन चारों को गिरफ्तार किया है। चोरों के कब्जे से एक कार, 67 बाइक बरामद हुईं हैं। ये चोर गिरोह बनाकर आसपास के जनपदों के चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। एसपी ने कहा कि सभी पर गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। अपराध से अर्जित संपत्ति को भी कुर्क किया जाएगा।
जिले में आए दिन वाहन चोरी की घटनाएं होती हैं। चोरी पर अंकुश लगाने के लिए एसपी कमलेश दीक्षित ने बुधवार की शाम वायरलेस पर थाना प्रभारियों को क्षेत्र में सख्ती के साथ अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस पर थाना करहल पुलिस की सूचना पर रातभर चले चेकिंग अभियान में 30 वाहन चोरों का संगठित गिरोह पकड़ा गया। बृहस्पतिवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।