कोसीकलां (मथुरा)। कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी चौधरी लक्ष्मीनारायण के प्रस्तावक पैगांव ग्राम प्रधान रामवीर सिंह की हत्या के मामले में पुलिस दो दिन बाद भी आरोपियों की पकड़ के लिए हाथ-पैर मार रही है, लेकिन कोई पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। उधर, पुलिस ने बरामद बाइक की जांच की तो पता चला कि वह चोरी की है। जिस पर सवार होकर हत्यारोपी आए थे। शनिवार की सुबह रामवीर सिंह कोकिलावन धाम में परिक्रमा कर शनिदेव के दर्शन करने गए थे। पहले से ही घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने रामवीर पर ताबड़तोड़ गोलियां दाग दीं। उनके सिर में चार गोलियां लगीं। जिससे रामवीर की मौके पर ही मौत हो गई थी। प्रधान की हत्या के बाद ग्रामीणों ने शव राजमार्ग पर रखकर नंदगांव रोड पर दो घंटे तथा आगरा-दिल्ली राजमार्ग तीन घंटे जाम लगा दिया। मृतक के पुत्र ने पांच नामजदों समेत छह अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।