आगरा के शिल्पग्राम में लगी हुनर हाट में सजावट व घर की जरूरत के एक से बढ़कर एक सामान हैं। यहां कई राज्यों के हुनरमंदों ने कई प्रकार के सामानों की स्टॉल लगाई है, यहां पर आने वाले लोगों को शिल्पी मिट्टी के बर्तन, कपड़ों पर कढ़ाई, पेपर का पेन, लकड़ी की ज्वैलरी, मेटल की मूर्तियां और पर्स बनाकर दिखा रहे है। जो लोगों को लुभा रही हैं। हुनर हाट में लगभग 23 स्टॉलों पर शिल्पी लोगों को सामानों के बारे में जानकारी देने के साथ उन्हें कैसे बनाते है यह भी बता रहे है। मिट्टी के बर्तन की स्टॉल पर लोग चाक चलाकर बर्तन बनाकर देख रहे हैं। इसके लिए लोग लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। लकड़ी से बनी ज्वैलरी महिलाओं को खूब आकर्षित कर रही है। लेदर के सामान पर की गई बारीक कारीगरी भी आकर्षण का केंद्र हैं। अन्य स्टालों पर भी कहीं सामान्य तो कहीं ज्यादा ग्राहक पहुंच रहे। इससे विभिन्न राज्यों से आए दुकानदारों में गजब का उत्साह है।