उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद सीओ के कार्यालय की दीवार पर लिखा संदेश जमकर वायरल हो रहा है। इस संदेश में तो वैसे बहुत कुछ खास नहीं है, लेकिन सीओ ने चापलूसी पर प्रतिबंध लगा दिया है। सीओ कमलेश सिंह ने पैर छूने पर दो सौ रुपये जुर्माना लगाने का निर्णय लिया, जिसकी हर ओर तारीफ हो रही है। लोगों का कहना है कि पूरे प्रदेश में यह लागू होना चाहिए। सीओ खुद तो इसका पालन कर ही रहे हैं, वहीं स्टाफ भी सतर्क हो गया है।
सीओ शिकोहाबाद कमलेश सिंह ने अपने कार्यालय के बाहर लिखवाया है कि इस कार्यालय में बाबूजी नाम का कोई व्यक्ति नहीं है। किसी व्यक्ति के कोई पैर न छुए। पैर छूने पर दो सौ रुपया जुर्माना लगेगा। सीओ के इस कदम की खासतौर से शिकोहाबाद सर्किल के ग्रामीण क्षेत्र में लोग खूब तारीफ कर रहे हैं। युवाओं का कहना है कि पुलिस अधिकारी के इस रवैये से आमजन में पुलिस की जो खराब छवि बनी हुई है उसके प्रति लोगों की धारणा में काफी बदलाव आएगा। यही नहीं लोग अपनी बात को बड़े ही आत्म विश्वास के साथ पुलिस अधिकारी के समक्ष रख सकेंगे। सीओ के इस कदम उठाने के बाद यह सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बना हुआ है वहीं हर कोई इसकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं।