मैनपुरी के थाना बिछवां क्षेत्र में गांव करीमगंज के पास शुक्रवार की सुबह फायरिंग से दहशत फैल गई। हुआ ये कि पुलिस करीमगंज मार्ग पर 50 हजार के इनामी बदमाश का पीछा कर रही थी। पुलिस को देख बदमाश ने फायर कर दिए, जिससे पुलिस टीम के कदम रुक गए। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सूचना मिलते ही एसपी कमलेश दीक्षित मौके पर पहुंच गए।
लंबे समय से थी शातिर की तलाश
एसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि पकड़े गए लुटेरे पर 50 हजार का इनाम घोषित है। उसके खिलाफ लूट डकैती सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के बाद बदमाश को पकड़ने की योजना बनाई थी।