फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Krishna Janmashtami 2022: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर बन रहा खास संयोग, 19 को ही है शुभ मुहूर्त

Wed, 17 Aug 2022 08:02 AM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला ब्यूरो, मथुरा
विज्ञापन
1 of 5
जन्माष्टमी - फोटो : अमर उजाला
मथुरा में इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 19 अगस्त को उच्च राशि के चंद्रमा में मनाई जाएगी। इस दिन खास संयोग बन रहे हैं। ज्योतिष गणना के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को सूर्य और बुध साथ-साथ रहेंगे। बुधादित्य योग बन रहा है। ज्योतिषाचार्य अजय तैलंग का कहना है कि ग्रहगोचर पंचांग के अनुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार 19 अगस्त को मनाया जा रहा है। सावन के बाद भाद्रप्रद का महीना आरंभ हो चुका है। भाद्र महीने में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का प्रमुख त्योहार होता है। सर्व मान्यताएं हैं कि भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र में श्रीकृष्ण का जन्म हुआ था। इसी मान्यता के अनुसार प्रत्येक साल भादो के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जाता है। इस साल जन्माष्टमी का त्योहार 19 अगस्त को मनाया जाएगा। इस बार जन्माष्टमी पर खास संयोग बन रहा है। 

दीपक ज्योतिष भागवत संस्थान के निदेशक ज्योतिषाचार्य कामेश्वर चतुर्वेदी ने बताया कि द्वापर युग में मथुरा पुरी में भाद्रपद मास कृष्ण पक्ष अष्टमी तिथि को मध्य रात में 12:00 बजे निशीथ बेला में वृषभ लग्न में उच्च राशि के चंद्रमा में अजन्मे श्रीकृष्ण ने जन्म लिया उस समय के कई सुंदर योग इस बार जन्माष्टमी पर मिल रहे हैं। स्मार्त संप्रदाय के अनुसार 18 अगस्त को निशीथ व्यापिनी अष्टमी तिथि में तथा वैष्णव श्रीकृष्ण जन्मभूमि श्रीद्वारकाधीश मंदिर सहित 19 अगस्त को सूर्य उदय व्यापिनी जन्माष्टमी मनाएंगे। अष्टमी तिथि 18 अगस्त को रात्रि 21:21 बजे लग रही है जो 19 अगस्त को 22:59 बजे तक रहेगी। रोहिणी नक्षत्र 20 अगस्त को 1:52 बजे से 21 अगस्त को 4:39 बजे तक रहेगा।
विज्ञापन

2 of 5
जन्माष्टमी 2021 - फोटो : अमर उजाला
ज्योतिषाचार्य आलोक गुप्ता का कहना है कि 18 अगस्त को अष्टमी तिथि रात्रि में 9.21 बजे प्रारंभ होगी जो 19 अगस्त को रात्रि में 11 बजे ही समाप्त हो जाएगी। हालांकि इस बार दोनों ही दिन रोहिणी नक्षत्र नहीं मिल रहा है, जबकि श्रीकृष्ण का जन्म भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि, रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। इस बार रोहिणी नक्षत्र 20 अगस्त को रहेगा। भगवान श्रीकृष्ण वैष्णव मतावलंबियों के आराध्य हैं इसलिए जन्माष्टमी सूर्योदय व्यापिनी अष्टमी तिथि में अर्थात 19 अगस्त को मनाया जाएगा। 
 
विज्ञापन

3 of 5
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य सजावट - फोटो : अमर उजाला

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर उमड़ रही भीड़

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पहले ही लोगों की भीड़ श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर देखने को मिल रही है। बड़ी संख्या में विभिन्न राज्यों के श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। दिन भर मंदिर के मुख्य द्वार पर दर्शनार्थियों की लाइन लग रही हैं। मंदिर के विशेष कार्याधिकारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि रक्षा बंधन से पहले ही इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचने लगी थी। इन दिनों बड़ी संख्या में भक्त आ रहे हैं।

4 of 5
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के बाहर भक्तों की भीड़ - फोटो : अमर उजाला

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर नियमित प्रसादी वितरण 

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर इन दिनों भक्तों को प्रसादी का नियमित वितरण चल रहा है। हजारों लोग प्रसादी पा रहे हैं। इसके लिए भक्तों की लाइन लगी रहती हैं। थाली आदि बर्तन पहले ही भक्तों को दे दिए जाते हैं। इस सेवा में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सेवाभावी लोग निरंतर जुटे रहते हैं।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भव्य सजावट - फोटो : अमर उजाला

बिजली कर रही परेशान

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर इन दिनों श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी तेजी से चल रही हैं। पुलिस और जिला प्रशासन अपने स्तर पर व्यवस्थाओं में जुटे हैं। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान परिसर को भव्यता प्रदान करने की तैयारी कर रहा है लेकिन बिजली की स्थिति चिंताजनक है। पिछले दो दिन से श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर बार-बार बिजली आ और जा रही है। इसे लेकर सभी परेशान हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें