एटा के राजारामपुर में चूहों ने पांच गांवों के करीब 550 किसानों की 4300 बीघा की फसल बर्बाद कर डाली। सिंचाई विभाग के अफसरों की माने तो फसल की बर्बादी के पीछे विभाग की लापरवाही नहीं बल्कि चूहे जिम्मेदार हैं। यही वजह है कि विभाग ने अपनी लापरवाही छिपाते हुए नहर कटान के लिए चूहों को दोषी ठहरा दिया। जबकि किसान सिंचाई विभाग पर लापरवाही बरतने की वजह से नहर कटने का आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल बुधवार को कटान रोक दिया गया। हालांकि खेतों में पानी भरने से फसलें बर्बाद हो गई हैं।
अलीगंज क्षेत्र के गांव विजयपुर के पास बिल्सड पुवायां की तरफ सोमवार रात करीब एक बजे नहर की कट गई थी। जिससे गांव विजयपुर, बिल्सड़ पुवायां, लालपुर, गढ़िया जगन्नाथ में मंगलवार तक पानी भर गया था। रात के समय यह पांचवें गांव वीरनगर में भी पहुंच गया। ग्रामीणों के मुताबिक इन पांच गांव के 550 से ज्यादा किसानों के करीब 4300 बीघा खेतों में पानी भरा हुआ है।