आगरा जिले के बाह क्षेत्र में तीन बेटियां पैदा होने पर युवक ने अपनी पत्नी के हाथ-पैर बांध कर उसे बेल्ट से पीटा। चीखने पर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। गर्म तवे से उसके शरीर को दाग दिया। बुधवार की सुबह शौच के बहाने घर से निकली पीड़ित महिला जरार चौकी पहुंची और पति की हैवानियत पुलिस को बताई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
दिल दहला देने वाली घटना गांव पार्वतीपुरा की है। गांव निवासी युवक विजयपाल ने मंगलवार की रात पत्नी काजल के साथ हैवानियत की हद पार कर दी। बुधवार की सुबह पुलिस चौकी पहुंची पीड़िता ने रोते हुए पति के जुल्म की दास्तां बताई। काजल ने पुलिस को बताया कि उसके तीन बेटियां ईशानी (पांच साल), भूमिका (तीन साल), योगिता (आठ माह) हैं। बेटियां पैदा होने पर तीन महीने पहले पति विजय पाल ने पीट कर उसे घर से निकाल दिया था।