खलीलाबाद, बिहार बॉर्डर और गीडा गोरखपुर में पकड़े गए 9000 कफ सिरप वाले रैकेट में नए खुलासे हुए हैं। इस गैंग में 17 लोग हैं, जिनमें आगरा के पांच दवा माफिया हैं। ये फेंसीड्रिल गैंग से जाना जाता है। ये जानकारी बस्ती मंडल में पकड़े गए नशे की दवाओं के गैंग के गुर्गों से औषधि विभाग को मिली है।
बस्ती मंडल के सहायक आयुक्त औषधि नरेश मोहन दीपक ने बताया कि विभागीय जांच में नशे की दवाओं और कफ सिरप की कालाबाजारी में 17 माफिया के नाम सामने आए हैं। इनमें आगरा के पांच, छह बनारस, तीन गोरखपुर और शेष मिर्जापुर, जौनपुर और आजमगढ़ के हैं। ये गैंग 90 फीसदी कफ सिरप फेंसीड्रिल खपाता है। आगरा के गोविंद एन्क्लेव, चाणक्यपुरी निवासी अनुज गोयल उर्फ काके और अमित गोयल उर्फ मोटा भाई उर्फ तिलकधारी के अलावा तीन और दवा माफिया इसमें शामिल हैं। इनमें से एक दवा माफिया पहले गर्भपात किट की कालाबाजारी में भी पकड़ा जा चुका है। इन तीनों के खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।