फिरोजाबाद जिले में डेंगू और वायरल फीवर से मासूम बच्चों की मौत होने का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को पांच बच्चों ने दम तोड़ दिया। अब कुल मृतकों की संख्या 177 हो गई है। अस्पतालों में अभी भी कई बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है। आगरा, मेरठ, लखनऊ और कानपुर मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीमें जिले में डेरा डाले हुए हैं। फिर भी हालात सुधर नहीं रहे हैं। लगातार बच्चों की मौत होने से लोगों में दहशत है।
बघेल कॉलोनी निवासी अभय (7वर्ष) पुत्र विपिन कुमार ने सौ शैय्या अस्पताल में दम तोड़ दिया। उसे गुरुवार को बुखार आने पर भर्ती कराया था। करबला निवासी शगुन (13) पुत्री पप्पू और मालवीय नगर गली नंबर छह निवासी कृष्णा (5 वर्ष) वर्ष पुत्र मनसुख की मौत हुई है। कश्मीरी गेट निवासी अनमता ( 7 वर्ष) पुत्री परवेश, भरत नगर झलकारी नगर निवासी इशिका बघेल (12 वर्ष) पुत्री राजकुमार बघेल की भी मौत हो गई।