चाहे मुझे गोली मार दो... लेकिन मेरा सिलिंडर मत छीनो, मेरी बहन तड़प रही है, वो मर जाएगी। मैं चाहे मर जाऊं लेकिन ये सिलिंडर लेकर जाऊंगा। मुझसे सिलिंडर कोई नहीं छीन सकता...। ये शब्द हैं एक बेबस भाई के, जो अस्पताल में तड़पती बहन के लिए सिलिंडर में ऑक्सीजन भरवाने सोमवार को आगरा के खंदौली स्थित राम मनोहर गैस गोदाम पहुंचा था। सिलिंडर लेकर जैसे ही गोदाम से निकला अचानक महिला तहसीलदार पहुंच गईं। उन्होंने सिलिंडर छीन लिया। वह हाथ जोड़कर सिलिंडर के लिए गुहार लगाता रहा, लेकिन उसकी एक न सुनी। आरोप है कि गुस्से में तहसीलदार ने उसके साथ मारपीट की।