वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में जन्माष्टमी पर भीड़ के कारण हुए हादसे के बाद हालात नहीं सुधर रहे हैं। मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। जब भीड़ का रेला मंदिर में प्रवेश कर रहा था, तब गलियों में भी लोगों की भीड़ देखी गई। इसे नियंत्रित करने की कोई व्यवस्था प्रशासन की ओर से नहीं दिखी। पुलिस भी हरकत में नजर नहीं आई। भीड़ के दबाव में फिरोजाबाद की 68 वर्षीय वृद्धा राजकुमारी घायल हो गई और परिवार से बिछड़ गई। बाद में परिजन मिले। अमर उजाला टीम ने जब मंदिर का जायजा लिया तो यह हालात सामने नजर आए।
सुबह नौ बजे बांकेबिहारी मंदिर मार्ग
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर श्रद्धालुओं की भीड़ ही भीड़ दिखाई दी। लोग मंदिर की ओर दर्शन की अभिलाषा लिए चले ही जा रहे थे। विद्यापीठ चौराहे से लेकर बांकेबिहारी मंदिर तक हालात ऐसे थे कि पैदल निकलना भी दूभर हो चला था।