राजस्थान के कोटा और हाडौती अंचल में हो रही तेज बारिश और कोटा बैराज से पानी की निकासी के चलते धौलपुर में चंबल अपने रौद्र रूप में आ गई है। चंबल के जलस्तर में हुई बढोत्तरी से धौलपुर जिले के करीब सौ गांव प्रभावित हुए हैं। प्रभावित गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
146.35 मीटर पहुंचा जलस्तर
धौलपुर में चंबल नदी का जलस्तर बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे 146.35 मीटर पहुंच गया। वहीं 1996 में चंबल का जलस्तर 145.54 मीटर पहुंचा था। चंबल नदी के जलस्तर बढ़ने से राजाखेड़ा, सरमथुरा, दिहौली, बाडी एवं धौलपुर इलाके के करीब सौ गांव प्रभावित हुए हैं। इन गांवों तक चंबल का पानी पंहुचने से रास्ते कट गए हैं। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। जिला प्रशासन के साथ में सेना, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस एवं पुलिस ने मोर्चा संभाल रखा है।